नौहराधार, 30 सितंबर : बीती शाम नौहराधार बसों के समय को लेकर दो निजी बस के चालक-परिचालक उलझ पड़े। इससे बाजार में आधा घंटे तक लंबा जाम लग गया। जाम के चलते जहां आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ा, वहीं कानून व्यवस्था भी चरमरा गई। हालांकि जाम की स्थिति नौहराधार बाजार में कोई नई बात नहीं है। यहां पर अक्सर ही जाम लगा रहता है।
समय को लेकर हुई बहसबाजी के बाद लड़ाई इतनी बढ़ कि दो बसों के चालक-परिचालक हाथापाई पर उतर आए। मजेदार बात यह है कि मौके पर पुलिस का कोई भी कर्मी मौजूद नही था। जब लड़ाई खत्म हुई तब जाकर पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे। तब तक स्थानीय लोगों ने झगड़े को सुलझाकर जाम की स्थिति को ठीक किया।
Watch Video:- https://youtu.be/1AA8GyZefHY
बहरहाल क्षेत्र में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। दिन भर बाजार में गाड़िया लगी रही मगर हटाने वाला कोई नही है। जिससे बाजार में अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। जब जाम लगता है खुद ही लोकल लोग जाम को दुरुस्त करने में लग जाते है। जाम की वजह से यहां पर राहगीरों को बाजार से गुजरना मुश्किल हो जाता है। नौहराधार में बस अड्डा न होना भी सबसे बड़ी परेशानी है यहां पर जब दो- तीन बसें आती हैं तो जाम लगना स्वाभाविक है।
लोगों ने सरकार व प्रशासन से बस स्टैंड बनाने की मांग की है। डीएसपी शक्ति सिंह ने बताया कि दोनो पक्षो कि शिकायत पर दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस नियमानुसार कार्रवाई कर रही हैं।