हमीरपुर, 28 सितंबर : बाल आश्रम सुजानपुर से 3 लड़के कमरे की खिड़की की जाली को तोड़कर भाग गए हैं। आश्रम प्रबंधन की शिकायत के बाद सुजानपुर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। घटना मंगलवार सुबह की बताई जा रही है। लड़कों के गायब होने का पता चलने मिलने के तुरंत बाद आश्रम प्रबंधन ने पुलिस थाना सुजानपुर में शिकायत दर्ज करवाई है, जिसके बाद अब पुलिस लड़कों की तलाश में जुट गई है। सुजानपुर पुलिस के अनुसार 16 वर्ष के तीन लड़के आश्रम से लापता हो गए हैं।
आश्रम प्रबंधन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार विक्रांत निवासी जिला ऊना, शिवा निवासी उत्तराखंड व विशाल निवासी काठमांडू आश्रम से लापता हो गए हैं। इन लड़कों के साथ मोबाइल भी नहीं है, जिस वजह से पुलिस को इन्हें ट्रेस करने में दिक्कत पेश आ रही है।
हालांकि शहर में लगे सीसीटीवी कैमरा से पुलिस लड़कों को ट्रेस करने का प्रयास कर रही है, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। सुजानपुर थाना के प्रभारी सतपाल ने बताया कि पुलिस ने शिकायत दर्ज कर लड़कों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस शहर के सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाल रही है, ताकि बच्चों का कोई सुराग लगाया जा सके।