लडभड़ोल/ लक्की शर्मा : सोमवार सुबह लडभड़ोल में एक बेहद दर्दनाक हादसा पेश आया है। बाजार में सुबह बंदरों के हमले से बचने की कोशिश में एक मासूम की जान चली गई। बाजार में बंदर अब तक लोगों को आर्थिक या शारीरिक रूप से नुकसान पहुंचाते थे। लेकिन अब बंदरों का आतंक जानलेवा हो गया है।
जानकारी के अनुसार 11 वर्षीय दिव्यांश शर्मा सुबह करीब 6 बजे घर की दूसरी मंजिल पर था। इसी दौरान अचानक उस पर एक बंदर ने हमला कर दिया। बंदर के हमले से बचने की कोशिश करते हुए दिव्यांश छत से नीचे गिर गया।
आनन-फानन में परिजनों द्वारा घायल दिव्यांश को सिविल अस्पताल लडभड़ोल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए पालमपुर अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बंदर के आतंक के कारण दिव्यांश अकाल मृत्यु का ग्रास बना और परिवार की सारी उम्मीदों व सपनों को अपने साथ अंधकार की दुनिया में ले गया। इस दुखद हादसे के बाद समूचे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
व्यापार मंडल लडभड़ोल ने इस घटना पर गहरा शोक प्रकट किया तथा बाजार को भी बंद रखा। तहसीलदार मेघना गोस्वामी ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर संवेदना प्रकट की है। उधर लोगो ने बंदरो के बढ़ते आतंक पर अंकुश लगाने की मांग की है।