शिमला, 27 अगस्त : झाकड़ी थाना क्षेत्र के तहत सराहन के एक अनाथालय से लापता हुए दो किशोरों को स्थानीय पुलिस ने खोज निकाला है। इन किशोरों को शिमला के रामपुर के एक गांव से बरामद किया गया है। दोनों किशोर वीरवार सुबह एक साथ अनाथाश्रम से गायब हो गए थे।
झाकड़ी पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर इन्हें खोजने के लिए दो टीमों का गठन किया और बीती मध्यरात्रि रामपुर के रचैेली गांव से दोनों को ढूंढ निकाला। लापता किशोरों में किन्नौर का कल्पा निवासी 14 वर्षीय मनजीत नेगी और नेपाली मूल का 15 वर्षीय वीरू शामिल हैं।
इन दोनों किशोरों को रचोैली गांव में एक किशोर मनजीत नेगी के मामा के घर से बरामद किया गया है। पुलिस पड़ताल में सामने आया है कि दोनों किशोर आश्रम की दीवार फांदकर भागे थे। हालांकि किशोर मनजीत नेगी के मामा को इस बात की जानकारी नहीं थी कि वे दोनों आश्रम से भाग कर यहां पहुंचे हैं। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद किशोरों को शुक्रवार को सराहन आश्रम संचालक को सौंप दिया।
डीएसपी रामपुर चंद्रशेखर ने पुष्टि करते हुए बताया कि सराहन अनाथालय से गायब दोनों किशोरों को रात्रि 12 बजे के करीब रामपुर के रचोैली गांव में पुलिस ने ढूंढ निकाला है। दोनों किशोर यहां एक किशोर के रिश्तेदार के घर पर ठहरे थे। इन्हें अनाथालय को सौंप दिया गया है।