शिमला, 21 अगस्त : किसान नेता राकेश टिकैत के नेतृत्व वाली भारतीय किसान यूनियन हिमाचल प्रदेश की एक लोकसभा और तीन विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव में चलाकर भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोलेगी। नो वोट फॉर बीजेपी अभियान के जरिए किसानों व आम जनता से भाजपा के खिलाफ वोट करने की अपील की जाएगी। भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष अनेंद्र सिंह नोैटी ने शनिवार को शिमला में प्रेस वार्ता में ये ऐलान किया।
उन्होंने कहा कि राकेश टिकैत की अगुवाई में भारतीय किसान यूनियन पिछले नौ महीनों से किसानों के हितों के लिए संघर्ष कर रही है, लेकिन भाजपा शासित केंद्र व प्रदेश सरकार ने किसानों की मांगों को अनसुना कर रही है। अब जहां-जहां चुनाव होंगे, वहां इस किसान विरोधी भाजपा सरकार के खिलाफ प्रचार किया जाएगा। हिमाचल के उपचुनाव में भाजपा को इसका ट्रेलर दिखाएंगे। ये सुनिश्चित किया जाएगा कि उपचुनाव में भाजपा को कोई ताकत किसानों से न मिले। उन्होंने दो टूक कहा कि इन उपचुनावों में किसानों की अहम भूमिका रहेगी। उन्होंने दावा किया कि भारतीय किसान यूनियन के आंदोलन में हिमाचल के किसान सक्रिय हैं, और कई जिलों में यूनियन का विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने किसानों के साथ छल व अत्याचार किया है और जहां-जहां चुनाव होंगे, वहां किसानों के बीच जाकर भाजपा के खिलाफ प्रचार किया जाएगा। इस कड़ी में किसान यूनियन पूरे देश में नो वोट फॉर बीजेपी अभियान का आगाज करेगी। हिमाचल की एक लोकसभा व तीन विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव में भी इस अभियान के जरिए किसानों व आम जनता को भाजपा की किसान विरोधी नीतियों से अवगत करवाया जाएगा।
नोैटी ने प्रदेश सरकार पर सिरमोैर व सोलन जिलों के टमाटर उत्पादक किसानों का सुध न लेने का भी आरोप जड़ा। कहा कि इस साल खराब सड़कों व विपणन की सही व्यवस्था न होने से टमाटर की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है, लेकिन सरकार ने टमाटर उत्पादक किसानों को मुआवजा देना जरूरी नहीं समझा। उन्होंने मंडी के बल्ह में प्रस्तावित अंतरराष्टीय हवाई अड्डे का विरोध करते हुए कहा कि इस हवाई अड्डे के नाम पर प्रदेश सरकार बल्ह की सुंदर व उपजाऊ भूमि को खत्म कर किसानों को उजाड़ने का काम कर रही है।