शिमला, 18 अगस्त : केंद्रीय सूचना प्रसारण एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर जन आर्शीवाद यात्रा के लिए वीरवार को राजधानी पहुंचेंगे। वे केंद्र में मंत्री बनने के बाद पहली बार हिमाचल आ रहे हैं। उनके जोरदार स्वागत के लिए भाजपा नेता व कार्यकर्ता तैयारी कर रहे हैं। शिमला और सोलन में अनुराग ठाकुर का भव्य स्वागत किया जाएगा। सोलन में अनुराग ठाकुर के स्वागत-अभिनंदन समारोह की तैयारियों को लेकर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जन आशीर्वाद यात्रा के प्रभारी संजीव कटवाल ने बुधवार को सोलन विश्राम गृह में तैयारियों की समीक्षा की।
संजीव कटवाल ने बताया कि अनुराग ठाकुर केंद्र में मंत्री बनने के बाद पांच दिन के प्रवास पर पहली बार हिमाचल आ रहे है। अनुराग ठाकुर का सिरमौर जिला के कार्यकर्ताओं एवं नेताओं द्वारा हिमाचल भवन चंडीगढ़ में भव्य स्वागत किया जाएगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप अनुराग ठाकुर का स्वागत स्वयं हिमाचल भवन में करेंगे।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री राजीव सैजल परवाणू में अनुराग ठाकुर का स्वागत करेंगे जिसके बाद अनुराग ठाकुर सोलन में कार्यकर्ताओं को संबोधित भी करेंगे। फूल, मालाओं, ढोल नगाड़ों एवं आतिशबाजी से केन्द्र मंत्री अनुराग ठाकुर का स्वागत किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जन आशीर्वाद यात्रा में अनुराग ठाकुर रथ पर आएंगे और जनता का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
संजीव कटवाल ने बताया कि अनुराग ठाकुर का जिला के प्रवेश द्वार शोघी पहुंचने पर भी भव्य स्वागत किया जाएगा। भाजपा जिला अध्यक्ष रवि मेहता एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता स्वागत में उपस्थित रहेंगे। शोघी बाजार को स्वागत के लिए सजाया जा रहा है और भाजपा के झंडे पूरे बाजार में लगाए जाएंगे।
संजीव कटवाल ने बताया कि केंद्रीय मंत्री को लेकर शिमला ग्रामीण मंडल के कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और लगभग 400 से अधिक कार्यकर्ता उनका शोघी पहुंचने पर ढोल नगाड़ों के साथ स्वागत करने जा रहे है। जन आर्शीवाद यात्रा यहां लगभग चार बजे पहुंचेगी और यात्रा में रथ भी चलाया जाएगा।