मंडी , 15 अगस्त : 75वें स्वतंत्रता दिवस का राज्य स्तरीय समारोह मंडी शहर के ऐतिहासिक सेरी मंच पर आयोजित किया गया जिसकी अध्यक्षता सीएम जयराम ठाकुर ने की। सबसे पहले सीएम जयराम ठाकुर ने इंदिरा मार्किट स्थित शहरी स्मारक पर जाकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उपरांत इसके गांधी चौक पर स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके उन्हें नमन किया।
इसके बाद उन्होंने सेरी मंच पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
बाद में परेड़ का निरीक्षण किया और सलामी ली। अपने संबोधन में सीएम जयराम ठाकुर ने देश की आजादी में अपना बलिदान देने वालों को याद किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि देश की आजादी में अपना बलिदान और योगदान देने वालों को कभी नहीं भुलाया जा सकता। वहीं उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों का भी विस्तार से बखान किया।
स्वतंत्रता दिवस पर प्रदेश के कर्मचारियों को राहत देते हुए जयराम ठाकुर ने 1 जुलाई 2021 से महंगाई भत्ते की 6 प्रतिशत की किश्त देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 4 लाख कर्मचारियों और पेंशनरों को इसका लाभ मिलेगा और इसके लिए सरकार 450 करोड़ रूपए अतिरिक्त खर्च करेगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही कर्मचारियों की जेसीसी की बैठक बुलाई जाएगी और उसमें कर्मचारियों की सभी मांगों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
जयराम ठाकुर ने कहा कि इस वक्त विपरीत परिस्थितियों के कारण देश और प्रदेश में महंगाई बढ़ी है जिस पर नियंत्रण पाने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सरकारी डिपुओं के माध्यम से मिलने वाले खाद्य तेलों पर दी जाने वाली सब्सिडी को बढ़ाने का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अगले चार महीनों तक बीपीएल परिवारों को डिपुओं पर मिलने वाला तेल 30 रुपए जबकि एपीएल परिवारों को 10 रुपए सस्ता दिया जाएगा। पहले बीपीएल को 10 और एपीएल को 5 रुपए की छूट थी।
जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में नई पंचायतों और नगर निकायों का गठन किया है और उनके विकास के लिए सरकार पूरी तरह से ध्यान दे रही है। उन्होंने नवगठित नगर निगम मंडी के विकास के लिए 15 करोड़ की राशि देने की घोषणा की। यह राशि किश्तों में दी जाएगी और इसके लिए नगर निगम मंडी को विकास कार्यों की प्रपोजल बनाकर सरकार को भेजनी होगी।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार कोरोना महामारी से लड़ने का पूरी तरह से प्रयास कर रही है और जनसहयोग से इसमें काफी ज्यादा मदद भी मिली है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार यह प्रयास कर रही है कि प्रदेश को देश का पहला संपूर्ण कोरोना टीकाकरण वाला राज्य बनाया जाए।
इस दौरान प्रदेश भर से आए विभिन्न सांस्कृतिक दलों ने प्रदेश की संस्कृति को दर्शाते रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए। वहीं प्रदेश के विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों का भी प्रदर्शन किया गया। वहीं समारोह के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सीएम ने सम्मानित भी किया। इस मौके पर जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, जिला के तमात विधायक, मुख्य सचिव राम सुभग सिंह और डीजीपी संजय कुंडू सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।