कांगड़ा / आशीष शर्मा : जिला में स्थित नगरोटा बगवां पुलिस थाना के तहत पड़ते ठानपुरी चौक से मामला पेश आया है। जहां एक अज्ञात वाहन द्वारा टक्कर मारे जाने के बाद बाइक सवार की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक नगरोटा बगवां स्थित सब्जी मंडी के समीप लोकमित्र केंद्र चलाता था।
वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसके साथ ही पुलिस द्वारा अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगामी जांच अमल में लाई जा रही है। मृतक शख्स की पहचान बाइक चालक नितिन सूद (40) पुत्र नरेश सूद निवासी वार्ड न. 7 के तौर पर हुई है। मिली जानकारी के मुताबिक यह हादसा बीते कल रात करीब 12 बजे का है।
जहां एक बाइक सवार को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस टक्कर में नितिन गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए डा. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज व अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन हालत ज्यादा गंभीर होने के कारण मौके पर मौजूद डॅाक्टरों ने नितिन को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। इस दौरान उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
इस हादसे की पुष्टि पुलिस थाना नगरोटा ने की है। उन्होंने बताया कि किसी अज्ञात वाहन ने नितिन की बाइक को टक्कर मारी है। जिसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू की गई है।