ऊना, 6 अगस्त : उपमंडल अंब के तहत ग्राम पंचायत के त्याई गांव में जमीनी विवाद को लेकर गोली चली है। गोली कांड में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे नाजुक हालत में फौरन चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया है। घायल की पहचान सुरजीत कुमार पुत्र बलवंत सिंह निवासी त्याई के रूप में की गई है। वहीं घटना के संबंध में पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है। इसी गांव के एक व्यक्ति पर गोली चलाने का आरोप लगा है।
जानकारी के मुताबिक गांव में शुक्रवार दोपहर बाद जमीनी विवाद को हल करने के लिए पैमाइश के लिए अधिकारियों को बुलाया गया था। विवादित जमीन में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद खूनी वारदात से इसका अंजाम गोलीकांड में बदल गया। इस दौरान एक पक्ष के व्यक्ति ने दूसरे पक्ष के सुरजीत कुमार पर गोली दाग दी। हालांकि व्यक्ति को छर्रे लगे हैं। लेकिन चेहरे, आंख और सिर छर्रे लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
व्यक्ति को स्थानीय लोगों की मदद से क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे फौरन पीजीआई रैफर कर दिया गया है। डीएसपी सृष्टि पांडे ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने घटना के संबंध में केस दर्ज कर लिया है मामले की जांच शुरू कर दी गई है। गोली चलाने वाले आरोपी को जल्द धर दबोचा जाएगा।