शिमला (एमबीएम न्यूज): हिमाचल सरकार ने खंड स्वास्थ्य अधिकारियों की प्रमोशन का नया रास्ता खोला है। राज्य के 9 अस्पतालों में वरिष्ठ मेडीकल अधीक्षकों के पद सृजित किए हैं। इन पदों पर तैनात होने वाले डॉक्टरों को मुख्य चिकित्सा अधिकारियों के बराबर ही भत्ते मिलेंगे। अधिसूचना के मुताबिक बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, कुल्लू, सोलन, नाहन व ऊना के अलावा रामपुर के खनेरी अस्पताल व सिविल अस्पताल रोहडू में इन पदों को सृजित किया गया है।
इनमें से लाहौल-स्पीति व किन्नौर व कांगड़ा को अलग रखा गया है। कांगड़ा की स्थिति अलग है, जबकि जनजातीय जिलों में ओपीडी की संख्या कम है। हिमाचल मेडीकल ऑफिसर्ज एसोसिएशन (एचएमओ) के अध्यक्ष डॉ. संत लाल शर्मा का कहना है कि 24 अगस्त को मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के साथ वार्ता में यह बात भी प्रमुखता से उठी थी। यह भी दीगर है कि मेडीकल अधीक्षकों को ही शक्तियां मिल जाने से अस्पतालों की कार्यप्रणाली को सुधारने में भी मदद मिलेगी। इससे पहले सीएमओ के बराबर 28 पद थे, जो अब बढ़ाकर 37 कर दिए गए हैं।
प्रमोशन चैनल न होने के कारण डॉक्टरों में असंतोष रहता था। अब अगर सीएमओ का पद रिक्त नहीं है तो उस सूरत में प्रमोशन के माध्यम से खंड स्वास्थ्य अधिकारियों को प्रमोट कर मेडीकल अधीक्षक भी लगाया जा सकता है। एचएमओ के अध्यक्ष डॉ. शर्मा के मुताबिक इस व्यवस्था से अस्पतालों की कार्यप्रणाली को भी सुधारने का मौका मिलेगा, क्योंकि कई मर्तबा मुख्य चिकित्सा अधिकारी के शेष प्रशासनिक कार्यों में व्यस्त होने के कारण अस्पतालों के कार्य लटक जाते थे।