शिमला, 12 जुलाई : हिमाचल भाजपा ने एक ऑडियो वायरल होने के बाद भाजपा महिला मोर्चा की दो पदाधिकारियों को निलंबित कर दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो में प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की नेत्रियों में तनातनी हुई थी।
इस वीडियो में एक नेत्री कह रही है कि किसी ने बोला कि मोर्चा में पद हासिल करने के लिए चार लाख रुपये दिए हैं। बीच में दूसरी नेत्री बोल रही है कि मैं बच्चों की कसम खाती हूँ। इस ऑडियो में मोर्चा की पदाधिकारी एक-दूसरे के नाम भी ले रही हैं। भाजपा नेत्रियों की इस जंग के वायरल होने को पार्टी हाईकमान ने गंभीरता से लिया है।
Viral Audio : https://youtu.be/g9BIMgTgw7w
भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय सचिव प्यार सिंह ने आज बताया कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने हाल में सोशल मीडिया में वायरल हुए भाजपा महिला मोर्चा के कथित ऑडियो का कड़ा संज्ञान लेते हुए महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री शीतल व्यास तथा सोशल मीडिया एवं आईटी प्रभारी डाॅ अर्चना ठाकुर की प्राथमिक सदस्यता को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है तथा इन दोनों पदाधिकारियों को संगठन के सभी दायित्वों से भी तुरंत प्रभाव से मुक्त कर दिया गया है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक अनुशासित राजनीतिक दल है और यहां पर किसी भी स्तर पर अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।