शिमला, 8 जुलाई : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को राजधानी पहुंचकर पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के सदस्य व प्रदेश मामलों के प्रभारी राजेश शुक्ला ने बताया कि राहुल गांधी शुक्रवार को दोपहर 12:30 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में वीरभद्र सिंह के अंतिम दर्शन के साथ उन्हें अपने श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।
हिमाचल के छह बार मुख्यमंत्री रहे कांग्रेस दिग्गज वीरभद्र सिंह के निधन से कांग्रेस में शोक की लहर है। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने वीरभद्र सिंह के निधन पर गहरा दुःख प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि छह दशक के राजनीतिक जीवन में वीरभद्र सिंह अपने पीछे सेवा भाव की परम्परा की विरासत छोड़ गए है।
सोनिया गांधी ने अपने शोक संदेश में कहा कि छह बार मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्री रहते हुए वीरभद्र सिंह को कई पीढ़ी के दिग्गजों के साथ काम करने के अवसर प्राप्त हुए। वीरभद्र सिंह अपने मिलन सार व्यक्तित्व व धरातल से जुड़े नेता के रूप में जाने जाते थे, जिन्होंने अपनी प्रशासनिक कार्यकुशलता की वजह से लोगों में सकारात्मक बदलाव लाये और इसी वजह से वह अंत तक जनता के दिलो के करीब रहें।
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने शोक संदेश में कहा कि वीरभद्र सिंह के निधन से प्रदेश ने ही नही देश ने एक लोकप्रिय नेता खो दिया,जिसकी हमेशा कमी खलेगी।
अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य प्रदेश मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला, सह प्रभारी संजय दत्त व गुरकीरत सिंह कोटली ने वीरभद्र सिंह के निधन पर गहरा दुःख प्रकट करते हुए दिवगंत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को अपनी संवेदना प्रकट की है।
राजीव शुक्ला जो कल ही प्रदेश के दौरे से वापिस दिल्ली गए थे, वीरभद्र सिंह के निधन के का समाचार सुनते ही शिमला वापिस आये और सीधे ही हॉली लॉज जाकर दिवंगत नेता के पार्थिव शरीर पर अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए। उन्होंने उनकी पत्नी पूर्व सासंद प्रतिभा सिंह व उनके पुत्र विक्रमादित्य सिंह से मिल कर दुख प्रकट किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने आज अपना एक राष्ट्रीय स्तर का पार्टी नेता खो दिया,जिसकी कमी कभी पूरी नही की जा सकेगी।
सहप्रभारी संजय दत्त ने कहा कहा कि वीरभद्र सिंह प्रदेश की एक ऐसी शख्सियत थी, जिसे लोग दिल से प्यार करते थे। उनके निधन से प्रदेश ही ने नही अपितु देश ने एक ऐसा नेता खो दिया है जो लोगों के दिलों पर राज करता था। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने शोक संदेश में कहा है कि प्रदेश ने आज अपने एक युग पुरुष को खो दिया। प्रदेश के विकास में उनके योगदान को यह प्रदेश हमेशा याद रखेगा।
राठौर ने अपने सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों को रद्द करते हुए हॉली लॉज जाकर उनकी पत्नी पूर्व सासंद प्रतिभा सिंह, उनके पुत्र शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि उनके निधन से कांग्रेस ने तो अपना एक महान नेता ही खो दिया साथ मे प्रदेश ने आज अपना एक ऐसा जन नायक खो दिया, जिसकी कमी कभी पूरी नही की जाएगी।
15 दिन तक नहीं होंगे राजनीतिक कार्यक्रम
प्रदेश कांग्रेस ने पार्टी के वरिष्ट नेता पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन पर 15 दिनों के शोक की घोषणा की है। इस दौरान 15 दिनों तक पार्टी के कोई भी राजनैतिक कार्यक्रम आयोजित नही होंगे।
पार्टी महासचिव रजनीश किमटा ने गुरूवार को बताया कि प्रदेश कांग्रेस ने आगामी 15 दिनों तक के अपने सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों को स्थागित कर दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जिला कांग्रेस मुख्यालय व ब्लॉक कांग्रेस मुख्यालय में शोक सभाएं आयोजित कर अपने महान नेता वीरभद्र सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे।