नाहन (एमबीएम न्यूज): नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस को करारी हार मिली है, लेकिन कांग्रेस के लिए एक कारण हो सकता है, जो मायूसी को मुस्कान में बदल दे। कारण है, वोट प्रतिशतता। बेशक ही कांग्रेस ने 13 में से मात्र 4 सीटें ही जीती हैं, लेकिन वोट प्रतिशतता में मामूली अंतर से भाजपा को पछाड़ा है।
गौरतलब है कि 2012 के विधानसभा चुनाव में विधायक डॉ. राजीव बिंदल ने 47.69 प्रतिशत मत हासिल कर राजनैतिक महारथियों को हैरत में डाल दिया था। 13 वार्डों में कांग्रेस प्रत्याशियों को 41.74 प्रतिशत वोट हासिल हुए। जबकि भाजपा को 40.08 प्रतिशत वोट पड़े। यहां चुनाव में निर्दलियों प्रत्याशियों की भूमिका भी काफी रही। इसमें भाजपा व कांग्रेस के अलावा अन्य प्रत्याशियों ने 17.19 प्रतिशत वोट हासिल किए। नोटा में पौने एक प्रतिशत वोट डाले गए। 13 वार्डों में कांग्रेस को 5172 मत हासिल हुए। जबकि भाजपा ने 5115 मत हासिल किए। अन्य प्रत्याशियों के खाते में 2204 मत आए। नोटा में 93 मत पड़े।
दरअसल वार्ड नं. 6 से कांग्रेस प्रत्याशी व निवर्तमान उपाध्यक्ष योगेश गुप्ता ने 80 प्रतिशत मत हासिल कर पूरे समीकरण पर असर डाला। इसके अलावा वार्ड 8 से कांग्रेस के कपिल गर्ग ने भी 59.69 प्रतिशत मत हासिल किए। वार्ड नं. 7 से राकेश गर्ग ने 54.31 प्रतिशत मत प्राप्त किए। जहां तक भाजपा के खेमे का सवाल है तो वार्ड नं. 10 से सरोज बाला ने 64.88 प्रतिशत मत हासिल कर सबसे बड़ी जीत हासिल की। दूसरे स्थान पर वार्ड नं. 12 से अविनाश गुप्ता ने 58.03 प्रतिशत मत हासिल किए। तीसरे नंबर पर वार्ड नं. 4 से रेखा तोमर 52.02 प्रतिशत के साथ रही। अगर 9 नंबर वार्ड से निर्दलीय तौर पर जीते शुभम सैनी को भी भाजपा की सूची में शामिल कर लिया जाए तो कुल मत प्रतिशतता में मामूली गिरावट दर्ज हो रही है।