शिमला, 21 मई: महिला हेड कांस्टेबल से छेड़छाड़ मामले की जांच सीआईडी के एसपी जी शिवा कुमार करेंगे। शिव कुमार 2008 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। हालांकि अधिकतर समय वह केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर रहे हैं। इसी साल फरवरी महीने में प्रदेश सरकार ने उन्हें सीआईडी (एनसीबी) का एसपी लगाया था। महिला कांस्टेबल से छेड़खानी के मामले से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा है। दरअसल महिला हेड कांस्टेबल ने शिमला के एक आला पुलिस अधिकारी पर छेड़छाड़ के आरोप लगाए थे।
महिला की शिकायत पर पुलिस अधिकारी के खिलाफ महिला पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। आरोपित पुलिस अधिकारी राजधानी में कई सालों से अहम पद पर तैनात रहा है। इस मामले के बाद उसे हटाकर पुलिस मुख्यालय में अटैच कर दिया गया है। डीजीपी संजय कुंडू ने शुक्रवार को शिमला में प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि महिला हेड कांस्टेबल से छेड़छाड़ की घटना की जांच सीआईडी को सौंपी गई है। इसके लिए शिवा कुमार को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने आरोपित अधिकारी को शिमला जिला में एएसपी पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय नियुक्त किया है।
उनके स्थान पर नए अधिकारी को तैनाती दे दी गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस मुख्यालय में गठित इंटरनल कंप्लेंट कमेटी के सुझाव पर आरोपित अधिकारी को जिला की पोस्टिंग से हटाया गया है। डीजीपी ने कहा कि इस मामले की निष्पक्ष तरीके से जांच होगी तथा जो भी दोषी पाया जाएगा उसे सजा मिलेगी। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में पुलिस के जवान पूरी जिम्मेदारी से अपना काम कर रहे हैं। अब तक 2874 जवान कोरोना पॉजिटिव भी हुए। जबकि 2378 पुलिस जवान कोरोना को मात देकर ठीक हो चुके हैं। ये सभी दोबारा ड्यूटी पर आ गए हैं। कहा कि पुरुष जवानों के साथ महिला पुलिसकर्मी भी कंधे से कंधा मिलाकर अपनी ड्यूटी दे रही है।
संजय कुंडू ने बताया कि जवानों का हौसला बढ़ाने के लिए वह खुद थानों, चेक पोस्ट और बैरियर का निरीक्षण कर रहे हैं। डीजीपी ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर में क्राइम का ग्राफ कम हुआ है। चोरी, साइबर क्राइम, मारपीट व घरेलू हिंसा जैसे मामलों में कमी आई है। गाड़ियों की आवाजाही सड़कों पर कम होने के कारण सड़क दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लगा है। डीजीपी ने बताया कि कोरोना कर्फ्यू में नियमों की अवहेलना करने वालों के पुलिस ने चालान काटे हैं। बिना मास्क घूमने पर पुलिस ने 44 लाख रुपए का जुर्माना वसूला। गाड़ियों में बिना मास्क के बैठने पर पुलिस ने 72 हजार का जुर्माना वसूला। यातायात नियमों की अवहेलना पर 2 लाख 28 हजार 100 जुर्माना वसूला गया।