नाहन 08 मार्च: महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, राजनीति, खेलकूद व प्रशासन सहित हर क्षेत्र में अहम भूमिका निभा रही है। पुरूषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर समाज को विकसित करने में अपना योगदान दे रही है। यह वाक्य आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नाहन के चौगान मैदान में विधायिका पच्छाद रीना कश्यप ने बतौर मुख्यातिथि दो दिवसीय जिला स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए व्यक्त किए।
डीआरडीए व महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा चौगान मैदान में सिरमौरी फूड फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है। फूड फेस्टिवल में सिरमौरी व्यंजनों में खीर पटाडे, बढौली, सिडडू, चिलडे़, घी-शक्कर, भगजीरा वाली मिठ्ठी रोटी, खोया तिल शक्कर, लुशके, अशकली, पूडे, साग व मक्की की रोटी, मक्खन लस्सी, प्रमुख व्यंजन मुख्य आकर्षण का केन्द्र रहेंगे।
इसके अतिरिक्त, जिला के स्वयं सहायता समूहों ने लोकल फोर वोकल थीम के अतंर्गत जिला में स्थानीय स्तर पर निर्मित वस्तुओं की प्रर्दशनी लगाई है, जिसे स्थानीय लोग खरीद सकते है। इस वस्तुओं में राजमाह, अखरोट, सोयाबीन, उडद की दाल, देसी घी, मक्की का आटा, मडवा, जौ का आटा, हल्दी, मिर्च, अदरक, आलू, हरे मटर, आचार, लहसुन, हर्बल शैम्पू, गुलाब जल, साबुन, बर्तन बार, लकड़ी से निर्मित सजावट का सामान, बेडशीट, सोफे के कवर व स्वेटर प्रमुख है।
इस अवसर पर रीना कश्यप ने सभी को महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एक समय ऐसा भी था जब लड़कियों के पैदा होने पर परिवार में शोक मनाया जाता था और महिलाओं का कई प्रकार से शोषण किया जाता था। मगर अब समाज में परिर्वतन शुरू हो चुका है। आज लडकियां लडकों के मुकाबले हर क्षेत्र में आगे है।
उन्होंने कहा कि आज हर घर में बेटा-बेटी दोनो को अच्छे संस्कार देने की आवश्यकता है और बेटो को महिलाओं का सम्मान करने व समाज में महिलाओं के योगदान के बारे में जागरूक करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आज की बेटी किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से कम नहीं है। जरूरत है समाज में ऐसे वातावरण को तैयार करने की जिसमें महिलाएं अपने आप को सुरक्षित महसूस कर सके।
उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित अध्यक्षा नगर परिषद श्यामा पुंडीर, बीडीसी अध्यक्षा अनिता, अतिरिक्त उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बबीता राणा, पशु पालन विभाग की उपनिदेशक डॉ नीरू शबनम, अरण्यपाल वन विभाग सरिता द्विवेदी, परियोजना अधिकारी ग्रामीण विकास विभाग कल्याणी गुप्ता, आरटीओ सोना चौहान, वरिष्ठ चिकित्सक आयुष विभाग मंजु शर्मा जैसी महिलाएं सिरमौर में महिला सशक्तिकरण का उदाहरण है।
अतिरिक्त उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने मुख्यातिथि का शॉल टोपी व एलोवेरा का पौधा देकर स्वागत किया और कहा कि समाज तभी विकास कर सकता है जब महिला को बराबर का दर्जा मिले। उन्होंने कहा कि हमें अपनी मानसिकता में बदलाव लाने की आवश्यकता है ताकि समाज में कन्या भ्रूण हत्या व घरेलू हिंसा जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
महिला एवं बाल विकास विभाग की संगडाह खण्ड की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने नाटक प्रस्तुत करते हुए लोगों को कोरोना के बारे में जागरूक किया। इस अवसर पर सभी विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 100 से अधिक महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक केसी शर्मा ने महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आवाहन भी किया।