शिमला, 27 जनवरी : अप्पर शिमला के ननखड़ी तहसील में एक टेंपो ट्रैवलर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई और 10 के करीब घायल हैं। घायलों को कोटगढ़ और कुमारसेन अस्पताल में भर्ती किया गया है। हादसा बुधवार शाम बागी और नारकंडा के बीच हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी रामपुर चंद्रशेखर और एसएचओ ननखड़ी प्रेम लाल अपनी टीमों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुए।
घायलों को कोटगढ़ और कुमारसेन अस्पताल में लाया जा रहा है। जहां कुछ की हालत नाज़ुक बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दिल्ली नम्बर के टेम्पो ट्रेवलर में एक दर्जन के करीब लोग सफर कर रहे थे। टेम्पो ट्रेवलर सड़क से फिसल कर खाई में लुढ़कने से घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से हताहतों व घायलों को खाई से निकाला गया।
डीएसपी रामपुर चंद्रशेखर ने इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं। इनकी पहचान जुटाई जा रही है। दुर्घटना को लेकर मामला दर्ज कर लिया गया है।