शिमला, 11 जनवरी : नगर निगम चुनाव पार्टी चिन्ह पर करवाने का विचार हिमाचल प्रदेश में रविवार को हुए नगर निकाय चुनाव में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया है। राज्य के 50 नगर निकायों में 40 पर भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। 29 नगर परिषदों में से 22 तथा 21 नगर पंचायतों में से 18 भाजपा की झोली में गई हैं। राज्य की नवगठित छह नगर पंचायतों के चुनाव धर्मशाला, सोलन, मंडी और पालमपुर नगर निगम के साथ मार्च माह में होंगे तथा यहां पर भी भाजपा को ही जीत मिलेगी। राज्य सरकार आने वाले समय में नगर निगम चुनाव पार्टी सिंबल पर करवाने पर विचार करेगी।
ये बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि निकाय चुनाव में भाजपा को पूर्ण बहुमत मिला है। ऐसे में भाजपा यहां पर अपने अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का निर्वाचन करेगी। विपक्षी कांग्रेस को महज 7 नगर परिषद और 3 नगर पंचायत में बहुमत मिला है। उन्होंने कहा कि रविवार को स्थानीय निकाय के 414 वार्डों के लिए मतदान हुआ, जिसमें भाजपा को 221, कांग्रेस को 140 तथा अन्य को 49 स्थानों पर जीत मिली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के इतिहास में यह पहला मौका है, जब इतनी नगर पंचायत व नगर परिषदों में भाजपा को जीत मिली है। उन्होंने कहा कि सरकार आने वाले समय में नगर निगम चुनाव पार्टी सिंबल पर करवाने पर विचार करेगी।
जयराम ठाकुर ने कांग्रेस नेताओं के स्थानीय निकाय चुनाव में 70 फीसदी स्थानों पर जीत के दावे को खारिज किया और चेतावनी दी कि भाजपा ने जहां पर अपनी जीत का दावा किया है, वहां पर विपक्ष अपने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बनाकर दिखाए।