शिमला, 07 जनवरी: राजधानी के उपनगर संजौली में अकेली रह रही बुजुर्ग महिला अपने घर में मृत मिली। महिला के संदिग्ध हालात में मिले शव को लेकर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया है। हालांकि महिला की रसोई गैस की लीकेज और गिरने की वजह से मौत हुई है, लेकिन परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। ऐसे में ढली पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक 65 वर्षीय मृतक महिला उषा सूद का शव घर पर पड़ा हुआ था। महिला के पति की पहले मौत हो चुकी है। महिला की बेटियां शिमला से बाहर रहती हैं। महिला के मृत होने की जानकारी पड़ोसियों से मिली।
पुलिस ने दरवाज़ा खोलकर कमरे में देखा तो पाया कि महिला फर्श पर गिरी हुई था। कमरे में रखा गैस हीटर लीक कर रहा था। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई और इसके अलावा बेटियों और परिजनों को भी इस बारे में सूचित किया गया। पुलिस ने महिला को आईजीएमसी पहुंचाया, मगर महिला की मौत हो चुकी थी। महिला के सिर व माथे पर चोटें लगी हुई थीं। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में घर को खंगाला तो पाया कि अंदर सामान वैसे ही पड़ा हुआ था,जैसा रखा गया था।
उधर एसपी शिमला मोहित चावला ने गुरुवार को कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वजह साफ होगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।