हमीरपुर, 07 जनवरी : सस्ती दरों पर बेहतर उपचार के लिए फेमस हो चुके राधास्वामी चैरिटेबल अस्पताल भोटा की सेवाएं अगले सप्ताह से शुरू हो जाएंगी। लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए व्यास से चिकित्सकों सहित पैरामेडिकल का आधा स्टाफ चैरिटेबल अस्पताल परिसर में पहुंच गया है। यहां पर स्वास्थ्य सेवाएं पुनः बहाल करने संबंधी व्यवस्थाएं बनाई जा रही हैं। बहुत जल्द इस अस्पताल की सेवाएं लोगों को मिलना शुरू हो जाएंगी। इस अस्पताल की सेवाओं पर कोविड काल में लगे प्रतिबंध से हजारों लोगों को परेशानियां झेलनी पड़ी। यही कारण रहा है कि जब से इस अस्पताल को कोविड अस्पताल में बदला गया उसके कुछ समय बाद ही इसे खोले जाने के लिए संघर्ष शुरू हो गया था। नौ महीने के बाद लोगों की मांग पूरी हो पाई।
बता दें कि मार्च, 2020 में राधास्वामी चैरिटेबल अस्पताल को प्रशासन ने कोविड-19 सेकेंडरी अस्पताल बनाया था। इसके चलते सस्ती दरों पर मिलने वाली इस अस्पताल की सेवाएं स्थगित कर दी गई। करीब दो महीने के बाद ही अस्पताल को खोले जाने की मांग उठना शुरू हो गई। लगातार उठ रही अस्पताल खोले जाने की मांग को करीब नौ महीने बाद प्रशासन ने पूरा कर दिया। कोविड अस्पताल को यहां से हमीरपुर शिफ्ट कर दिया गया है। अब राधास्वामी चैरिटेबल अस्पताल के संचालन के लिए स्टाफ व्यास से लौटना शुरू हुआ है।