पांवटा साहिब, 28 दिसंबर : प्रदेश के ऊर्जा मंत्री के घर में पूर्व सांसद डॉ राजन सुशांत ने भाजपा सरकार को खरी खोटी सुनाई है। पत्रकारों से बातचीत में डॉ. राजन सुशांत ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में तीसरे फ्रंट की सख्त दरकार है। प्रदेश की जनता कांग्रेस और भाजपा के शासन से ऊब चुकी है। लिहाजा हमारी पार्टी हिमाचल पार्टी अगले विधानसभा चुनाव में प्रदेश के सभी 68 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इस दौरान डॉ.सुशांत ने बताया कि पंचायत चुनाव में एचपी एचपी पार्टी आजाद उम्मीदवारों को स्पोर्ट करेगी।
ये भी पढ़े : हिमाचल : बाप-बेटों ने पड़ोसी को पीट-पीट कर उतारा मौत के घाट, गिरफ्तार
इस दौरान पांवटा साहिब में पत्रकारों को संबोधित करते हुए डॉ. राजन सुशांत ने मुख्यमंत्री की कार्यशैली पर तंज कसे। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री बनाने से पहले मेडिकल चेकअप होता है और जिस व्यक्ति के रीढ की हड्डी न हो, ऐसे व्यक्ति को ही मुख्यमंत्री बनाया जाता है। वर्तमान मुख्यमंत्री भी बिना रीढ की हड्डी के मुख्यमंत्री हैं। प्रदेश में शासन और प्रशासन का संचालन केंद्र के तानाशाह विचारधारा वाली सरकार करती है।
सुशांत ने बताया कि उनकी टीम प्रदेश के विकास का विजन डॉक्यूमेंट तैयार करने में जुटी है। विजन डॉक्यूमेंट को प्रदेश की जनता के समक्ष रखा जाएगा और आगामी 2022 चुनाव में प्रदेश की जनता से सहयोग मांगा जाएगा। उन्होंने अपना संकल्प दोहराते हुए बताया कि प्रदेश में एचपी एचपी की सरकार आते ही 2 लाख लोगों को रोजगार उपलब्ध करवाया जाएगा। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश में जल्द ही अपनी पार्टी के सदस्यों का गठन किया जाएगा। वह हर जगह सदस्य जोड़े जाएंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और भाजपा ने प्रदेश के विकास को ग्रहण लगाया है। यही कारण है कि लोग मजबूत तीसरे विकल्प की तलाश में हैं और हमारी पार्टी-हिमाचल पार्टी प्रदेश में तीसरे विकल्प के रूप में उभर रही है। राजन सुशांत ने बताया कि मौजूदा कृषि कानून देश में पूंजीवाद की स्थापना करने वाला कानून है। इससे किसानों को भविष्य में भारी नुकसान उठाना पड़ेगा, जिससे गरीबी और किसानों की आत्महत्या के मामले बेहद अधिक बढ़ेंगे।