शिमला, 27 दिसम्बर : हिमाचल की जयराम ठाकुर सरकार ने रविवार को तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा कर लिया। कांग्रेस ने इस मौके पर प्रदेश भर में जिला व ब्लॉक स्तर पर काला दिवस मनाते हुए मुंह पर काले मास्क लगा कर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
राजधानी में तो कांग्रेस नेता धारा-144 तोड़कर यहां के ऐतिहासिक माल रोड पर पहुंच गए, जहां रिपोर्टिंग रूम के समक्ष कांग्रेसियों ने सरकार के खिलाफ धरना दिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह ,कांग्रेस अध्यक्ष ग्रामीण यशवंत सिंह छाजटा, शहरी अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी,युवा कांग्रेस अध्यक्ष निगम भंडारी, कार्यकारी अध्यक्ष यदोपति ठाकुर के अतिरिक्त प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी,कांग्रेस सेवादल महिला कांग्रेस एनएसयूआई के कार्यकर्ता मौजूद थे।
कुलदीप सिंह राठौर ने सरकार के तीन साल के कार्यकाल को बेहद निराशाजनक बताते हुए कहा कि एक तरफ लोग कोरोना से लड़ रहे है तो दूसरी तरफ सरकार अपने जश्न में डूबी है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने प्रचार में लाखों करोड़ों खर्च कर रही है। यह पैसा उनके पास कहा से आ रहा है जबकि प्रदेश सरकार पूरी तरह कर्जो की बैसाखी पर चल रही है। उन्होंने कहा की विकास की इबारत प्रचार से नही लिखी जाती।
उन्होंने कहा कि भाजपा प्रभारी प्रदेश को कोरोना, कांग्रेस व भ्रष्टाचार मुक्त करने की बड़ी बड़ी बातें कह रहें है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने आज प्रदेश को देश की कोरोना राजधानी बना दिया है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में एक हजार से ऊपर लोग इस संक्रमण से मौत का शिकार हो चुके है जबकि हजारों इस संक्रमण से लड़ रहें है।
इस दौरान विधायक विक्रमादित्य सिंह ने प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी पर चिंता प्रकट करते हुए कहा कि बर्तमान प्रदेश सरकार विकास के जो बड़े बड़े दावे कर रही है, उसमें उनका कोई भी योगदान नही है। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार की योजनाओं के उदघाटन कर भाजपा इसे अपनी योजनाएं बता रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का तीन साल का यह कार्यकाल पूरी तरह निराशाजनक रहा है। सरकार की ऐसी कोई भी उपलब्धि नही है जिसका वह जश्न मना सकें।