संगड़ाह, 15 दिसम्बर : संगड़ाह पुलिस की कड़ी मेहनत के चलते 3 महीने बाद एक बार फिर क्षेत्र के एक परिवार में खुशियां वापिस लौट आई हैं। पुलिस ने यहां घर से लापता हुए मां व बच्चों को ढूंढ निकाला। जिसके बाद जहां अपनी पत्नी व बच्चों की तलाश में दर-दर की ठोकरें खा रहे एक दर्जी की आंखें नम हो गई तो वहीं उसकी खुशी का भी कोई ठिकाना नहीं रहा। परिवार मिल जाने के बाद उसने खाकी का शुक्रिया किया है।
बता दें कि पेशे से दर्जी सुरेश कुमार ने 28 नवम्बर को उपायुक्त को उसकी बीवी व बच्चों का पता लगाने के बारे लिखित प्रार्थना पत्र सौंपा था। उपायुक्त के निर्देशानुसार दो दिन बाद पुलिस थाना में महिला व बच्चों के गुम होने की रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
शिकायत में सुरेश कुमार ने कहा था कि पिछले करीब एक साल से उसकी पत्नी अपनी मर्जी से नाहन में रह रही थी। तीन माह से वो नाहन में नहीं थी। इस दौरान उसके दोनों नम्बर भी बंद थे। उपायुक्त से पहले सुरेश ने पुलिस अधिकारियों तथा चाईल्ड हैल्पलाइन के नम्बर पर भी शिकायत की थी। उन्होंने किसी और शख्स के साथ बीवी बच्चों के हरियाणा या चंडीगढ़ जाने का शक जताया था।
डीएसपी संगड़ाह शक्ति सिंह ने गुमशुदा महिला व दोनों बच्चों के मिलने की पुष्टि की। बता दें कि सुरेश कुमार वही बहुचर्चित टेलर हैं, जिन्होंने कोरोना संकट के दौरान लगभग 10 हजार मास्क नि:शुल्क बांटे। उन्होंने क्षेत्र के स्कूल-कॉलेजों सहित कई जगहों में निशुल्क मास्क का वितरण किया था।