रिकांगपिओ, 7 दिसम्बर : ग्राम पंचायत पूह के स्वयं सहायता समूहो की महिलाएं बेमिसाल प्रेरणा बनी हैं। उनके द्वारा अर्जित लाभांश के चैक भेंट कर सम्मानित किया गया। उपायुक्त किन्नौर हेमराज बैरवा ने आरती स्वयं सहायता समूह के सदस्यों को प्रति सदस्य 30 हजार के लाभांश के चैक भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने नेहरू स्वयं सहायता समूह के 10 सदस्यों व गांधी स्वयं सहायता समूह के 7 सदस्यों को उन द्वारा अर्जित 10-10 हजार रूपये प्रति सदस्य लाभांश के चैक भेंट किये।
बैरवा ने स्वयं सहायता समूह के सदस्यों को वैश्विक कोरोना महामारी के दौरान भी इतना लाभांश अर्जित करने पर बधाई दी उनके प्रयासों की सराहना करते हुए उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन स्वयं सहायता समूहों की हर सम्भव सहयोग के लिये वचनबद्ध है। यदि उन्हें किसी भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता है तो वह जिला प्रशासन को प्रस्ताव भेजे। उपायुक्त ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि महिलाएं अपने घरेलू कार्य करने के साथ-साथ स्वयं सहायता समूहों से जुड़ कर अतिरिक्त आय सृजित कर अपनी व अपने परिवार की आर्थिकी सुदृढ़ कर रही है। ये ओरो के लिए भी प्रेरणा स्त्रोत बन कर उभरी हैं। इससे महिला सशक्तिकरण को भी बल मिला है।
उन्होंने स्वयं सहायता समूह के सदस्यों से अपनी गतिविधियों में और विस्तार देने का आग्रह किया और मांग के अनुसार सामग्री तैयार करने को कहा। उन्होंने अपनी गतिविधियों में विविधता लाने को भी कहा ताकि आय के और अधिक स्त्रोत बढ़ सके। उन्होंने इस अवसर पर स्वयं सहायता समूह के सदस्यों व पंचायत जन प्रतिनिधियों से लोगों को कोरोना महामारी के बारे जागरूक करने का आवाहन किया। इस अवसर पर नायब तहसीलदार जय ठाकुर, स्थानीय प्रधान सुमन माना, उपप्रधान सुशील माना, खंड विकास अधिकारी व स्वयं सहायता समूह के सदस्यों उपस्थित थे।