चंबा, 5 दिसंबर: हिमाचल प्रदेश के चंबा जनपद में करीब अढ़ाई साल से लापता युवक का कंकाल मिलने से सनसनी फैली हुई है। युवक का कंकाल रठियार के जंगल में बरामद हुआ है। कंकाल के समीप से मिले सामान व कपड़ों के आधार पर शिनाख्त भी हो गई है। करीब अढ़ाई साल पहले 34 साल का पवन कुमार लापता हो गया था। शनिवार को जंगल में लकड़ियां लाने गए ग्रामीणों ने ही कंकाल को देखा। इसे देखते ही उनके पांव तले जमीन खिसक गई।
इसकी सूचना तुरंत ही सुल्तानपुर पुलिस को दी गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक भेड़ बकरियों को चराने वाला मृतक युवक मजदूरी भी करता था। इसी के सिलसिले में कई महीने तक घर से बाहर भी रहता था। लगभग अढ़ाई साल से घर नहीं लौटा था।