कालाअंब, 3 दिसंबर: बुधवार शाम रेहड़ी चलाने वाले की बेरहमी से पिटाई कर दी गई। बिहार के रहने वाले गरीब शिव चरण का कसूर केवल इतना था कि उसने समीपवर्ती हरियाणा की शिव कालोनी के रहने वाले एक व्यक्ति को सार्वजनिक स्थल पर रेहड़ी के समीप शौच करने से रोका था। जानकारी के मुताबिक गरीब मजदूर को इतना पीटा गया कि उसके हाथ-पांव तक सूज गए। मजदूर की तिमारदारी में क्रिकेट खिलाड़ी व राज परिवार के सदस्य कंवर संग्राम सिंह जुटे हुए हैं।
बता दें कि संग्राम सिंह द्वारा ही गरीबों को कालाअंब में रेहड़ी चलाने की जगह दी गई है। जानकारी के मुताबिक बेरहमी से पीटे गए मजदूर को मेडिकल काॅलेज में मेडिकल व उपचार के लिए लाया गया है। इसी बीच पुलिस भी जांच में जुटी हुई है। आरोप यह भी है कि शौच के लिए टोकने पर एक व्यक्ति द्वारा अपने चार अन्य साथियों के साथ मजदूर की बेरहमी से पिटाई की गई है।
इसी बीच पुलिस ने आईपीसी की धारा 147, 149, 341, 343 के तहत मामला दर्ज किया है। इन धाराओं को उस समय शामिल किया जाता है, जब 5 से अधिक व्यक्ति मिलकर किसी को चोट पहुंचाते हैं।