संगड़ाह, 24 नवंबर : संगड़ाह- हरिपुरधार मार्ग पर पिछले 8 घंटों में 2 वाहन दुर्घटनाएं हुई। पहली कार दुर्घटना सोमवार देर सायं हुई, जिसमें चार लोग घायल हुए। इसके बाद सोमवार मध्य रात्रि एक टिप्पर के गहरी खाई में गिरने के कारण उसमें सवार चालक की इस दुर्घटना में मृत्यु हो गई। मिली जानकारी के अनुसार यह टिप्पर रेत लेकर संगड़ाह से हरिपुरधार की ओर जा रहा था।
सुंदरघाट के समीप चालक का गाड़ी से नियंत्रण हटने के कारण टिप्पर करीब 200 मीटर गहरी खाई में समा गया। सैंज गांव के 24 वर्षीय चालक चमन दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया। वाहन गिरने की आवाज़ सुनकर स्थानीय लोग दुर्घटना स्थल की ओर भागे तथा घायल चमन को गहरी खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया। संगड़ाह अस्पताल पहुंचाए जाने से पहले चालक की सांसे थम चुकी थी। ग्रामीणों ने दुर्घटना की सूचना पुलिस विभाग को दी। पुलिस ने दोपहर संगड़ाह अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा।
स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार यहां डॉक्टर के खाली पदों व एक मात्र चिकित्सक उपलब्ध होने के चलते पोस्टमार्टम में देरी हुई डीएसपी संगड़ाह शक्ति सिंह ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि, गाड़ी में एक ही व्यक्ति सवार था। एसडीएम संगड़ाह डॉ विक्रम नेगी ने बताया कि, मृतक के परिजनों को 25 हजार रुपए की राहत राशि जारी की गई है।