शिमला, 29 अक्तूबर : राजधानी शिमला के एक निजी होटल (कैपिटल) की एटीक में बीती देर रात आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि कुछ समय में ही होटल के तीन कमरे राख हो गए। आधा दर्जन फायर ब्रिगेड की मदद से दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाकर करोड़ों की संपति को जलने से बचाया। आग से होटल की एटीक पर बने 3 कमरे राख हुए हैं। इनमें होटल का स्टाफ रहता था। हालांकि होटल स्टाफ पूरी तरह सुरक्षित है। आगजनी की घटना रात 11 बजे के आसपास हुई। आग की जद में आया ये होटल फिंगास्क क्षेत्र में कालीबाढ़ी के समीप स्थित है। यह भीड़भाड़ा वाला इलाका है और बगल में भी कई होटल हैं। ऐसे में आग से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। होटल स्टाफ की सूचना पर माॅल रोड, बालूगंज और छोटा शिमला अग्निशमन केंद्रों से फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। एसडीएम शिमला शहरी मनजीत शर्मा ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्यों का जायजा लिया।
जानकारी अनुसार होटल की एटीक से धूआं और आग की लपटें उठने पर होटल कर्मचारियों और आसपास के लोगों को आग का पता चला, तो उन्होंने आग बुझानी शुरू की। धुआं बाहर नहीं निकल पाने के कारण आग बुझाने में काफी परेशानी हो रही थी। इसके बाद फायर ब्रिगेड के कर्मियों ने रात 12ः30 बजे तक आग पर काबू पाया। समझा जाता है कि शार्ट सर्किट की वजह से आग लगी है। अग्निशमन अधिकारी डीसी शर्मा ने बताया कि आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। अग्निकांड में होटल की एटीक को नुकसान पहुंचा है। एटीक में सामान के अतिरिक्त और कोई क्षति नहीं हुई है। आगजनी में दो लाख की संपति के नुकसान का अनुमान है। वहीं दो करोड़ की संपति को अग्निशमन कर्मियों ने खाक होने से बचाया है।