शिमला, 11 अक्तूबर: हिमाचल से कोरोना का संकट चरणबद्ध तरीके (Phased manner) से टल रहा है। इसकी गवाही अब आंकड़े भी देने लगे हैं। तेजी से गिरावट की वजह क्या है, इस पर तो टिप्पणी नहीं की जा सकती। सितंबर के 19 दिन राज्य पर भारी रहे। 31 अगस्त को राज्य में 1475 एक्टिव केस (Active Case) थे, जो अगले 19 दिन में बढ़कर 4261 हो गए। इस अवधि में मृत्यु का आंकड़ा (Death Ratio) भी बढ़ा। महज 1 सितंबर से 19 सितंबर तक रोजाना मौत की औसत 4 रही। 19 सितंबर से 30 सितंबर के बीच स्थिति कुछ नियंत्रित होती नजर आई।
30 सितंबर तक एक्टिव मामलों (Active case) की संख्या 4261 से घटकर 3423 तक पहुंच गई। 11 अक्तूबर को ये आंकड़ा 2553 का है। 15 अगस्त तक प्रदेश में 1250 एक्टिव केस थे।
उधर अगर कुल मामलों की बात की जाए तो 31 अगस्त को जहां संख्या 5983 थी, वहीं ये आंकड़ा 19 सितंबर तक 11,645 पहुंच गया। इसके बाद 30 सितंबर तक भी कुल मामलों में बढ़ोतरी (Growth) दर्ज हुई। आंकड़ा 14,802 का था। आज का ताजा आंकड़ा 17,261 का है। खास बात यह है कि राज्य में रिकवरी रेट (Recovery Rate) में भी जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज हो रही है। जो 80 से 85 प्रतिशत हो चुकी है। ताजा आंकड़े के मुताबिक राज्य में 14,440 लोग कोरोना को मात दे चुके हैं। 19 से 30 सितंबर के बीच 3,928 ने कोरोना पर जीत हासिल की। राज्य में अक्तूबर महीने में 53 की मौत हुई है। 15 अगस्त को जहां 15 मृत्यु रिपोर्ट हुई थी, वहीं ताजा आंकड़ों 243 का है।
रविवार शाम 5 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक राज्य में सबसे अधिक 432 सक्रिय केस मंडी में हैं। सोलन में एक्टिव केस 395 हैं। कांगड़ा में 345 मामले हैं। इसके अलावा शिमला में 326 मामले हैं, जबकि सिरमौर में 1971 मामले सामने आए, इसमें मात्र 136 मामले एक्टिव हैं। एक समय पहले एक्टिव मामलों के मद्देनजर सिरमौर समूचे हिमाचल में चंद रोज के लिए सबसे ऊपर आ गया था। कुल मिलाकर आंकड़े इस बात की गवाही दे रहे हैं कि 30 सितंबर से 11 अक्तूबर के बीच कोरोना ने मुंह मोड़ना शुरू कर दिया है।