शिमला 11 सितम्बर : रोहड़ू उपमंडल के शरमाली में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। सुंगरी-शरमाली सड़क पर शरमाली गांव के पास आज शाम महिंद्रा पिकअप (एचआर 68-3536) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरी। पिकअप में कालका के पांच युवक सवार थे। दुर्घटना में 3 युवकों की मौके पर मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से जख्मी हैं। पुलिस ने देर शाम तक घटनास्थल पर बचाव अभियान चलाकर घायलों व हताहतों को खाई से निकाला। दो युवक मौके पर मृत मिले और तीसरे की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हुई।
मृतकों की शिनाख्त पिकअप चालक 26 वर्षीय निखिल, 26 वर्षीय गौरव और 23 वर्षीय विजय कुमार के रूप में हुई है। घायलों में मनोज और विनोद शामिल हैं। घायलों को सिविल अस्पताल रोहड़ू में भर्ती किया गया है। ये सभी कालका के खेड़ा गांव के रहने वाले हैं। डीएसपी रोहड़ू सुनील नेगी ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।