शिमला, 10 सितंबर : बालीबुड अभिनेत्री कंगना रनौत के मामले में राजधानी शिमला में विभिन्न संगठनों के लोगों ने आज शिवसेना व कांग्रेस के खिलाफ जोरदार विरोध का प्रदर्शन किया। बड़ी तादाद में जुटे प्रदर्शनकारियों ने पहले कार्ट रोड स्थित कांग्रेस दफ्तर का घेराव करते हुए उपायुक्त दफ्तर के बाहर धरना दिया। प्रदर्शनकारियों में अधिक तादाद भाजपा कार्यकर्ताओं की रही। प्रदर्शकारियों द्वारा शिवसेना व कांग्रेस के खिलाफ नारेबाज़ी करते हुए आरोप लगाया गया कि मुंबई में कंगना रनौत को परेशान किया जा रहा है।
इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी शीतल व्यास ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार जिस प्रकार कंगना रनौत के विरुद्ध बदले की भावना से षड्यंत्र कर रही है, उसकी कड़ी आलोचना की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि नारी उत्पीड़न को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिस प्रकार बदले की भावना से कंगना का ऑफिस ध्वस्त कराया जा रहा है, उसकी चौतरफा निंदा की जा रही है। उन्होंने कहा, कि हिमाचल की महिलाएं कंगना रनौत के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।
उन्होंने शिवसेना नेता संजय राउत पर कंगना के विरुद्ध आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। साथ ही महाराष्ट्र सरकार को चेताया, कि वह अपनी हरकतों से बाज़ आये, अन्यथा महिला शक्ति महाराष्ट्र पहुंचने से भी गुरेज नहीं करेगी।