शिमला 8 सितम्बर : विपक्षी दल कांगेस ने सतारूढ़ भाजपा सरकार के खिलाफ आज शिमला (Shimla) में चौड़ा मैदान में रैली निकाली और विधानसभा का घेराव किया। मानसून सत्र के बीच कांग्रेस के इस प्रदर्शन के दौरान भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली स्थल पर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेटस को क्रास करने की कोशिश में उनकी पुलिस के साथ उनका टकराव भी हुआ। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर सहित पार्टी के शीर्ष नेता भी इस धरने में हिस्सा ले रहे हैं।
नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने प्रदर्शनकारियोे को संबोधित करते हुए कहा कि विधानसभा में पहली बार काम रोको प्रस्ताव चल रहा है। नियम 67 के तहत सारी कार्यवाही रोक कर काम रोको प्रस्ताव पर चर्चा चल रही है। कांग्रेस की तरफ से मुख्यमंत्री सहित पूरे कैबिनेट का इस्तीफा मांगा गया है। इस्तीफा इसलिए मांगा किया गया है क्योंकि कोरोना काल में राशन सहित अन्य जरूरी वस्तुएं मंहगी की गई हैं। पूरे हिमाचल (Himachal) में अराजकता फैल गई है और भ्रष्टाचार का आलम है। यहां तक कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष को इस्तीफ़ा देना पड़ा। खबर लिखे जाने तक कांग्रेस का प्रदर्शन जारी है।