रिकांगपिओ, 02 अगस्त : पूह उपमंडल के तालिंग गांव का अस्थाई पूल रुशकलंग खड़ के तेज बहाव में बह गया था। अब जल स्तर कम होने के साथ तालिंग व रुशकलंग के ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से अस्थाई पुल बना कर आवाजाही शुरू कर दी है। इस से पूर्व तालिंग के ग्रामीण पुल बहने के बाद झूला से आवाजाही करते थे, लेकिन रास्ता दूर होने से लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा था। अब पुल लगने से ग्रामीणों ने राहत ली है। गौर रहे कि गांग्युल वेली का तालिंग गांव में स्थाई पुल नहीं होने से अक्सर गर्मियों में खड़ में जलस्तर बढ़ने से अस्थाई पुल बह जाता है या ग्रामीण जलस्तर बढ़ते ही पुल को निकाल लेते है। जैसे ही खड़ का जलस्तर कम हो जाता है पुनः स्थाई पुल बनाते है। यह सिलसिला वर्षों से चला आ रहा है। यह कार्य ग्रामीण स्वयं ही करते है।
सरकार व प्रशासन से कोई मदद नहीं लेते। बताते चले कि तालिंग गांव के ग्रामीण आज भी पुल व सड़क मार्ग नहीं होने से खड़ी चढ़ाई चढ़ कर गांव पहुंचने को मजबूर है। दीगर है कि तालिंग गांव के लिए पुल निर्माण के लिए बजट का प्रावधान किया गया है। वर्ष 2014 में पुल निर्माण का शिलान्यास हो चुका है,तब पुल निर्माण स्थल तक संपर्क सड़क भी बनाया गया। बहरहाल ग्रामीणों को पक्का पुल की दरकार है, जिस का ग्रामीणों को इंतज़ार है कि कब सरकार मेहरबान होगा।