शिमला 29 जुलाई : प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की ताजपोशी के बाद जयराम कैबिनेट में खाली चल रहे तीन पदों को भरने की कवायद शुरू हो गई है। कभी भी जयराम कैबिनेट का विस्तार हो सकता है। हालांकि अभी सरकार की तरफ से इस बाबत आधिकारिक एलान नहीं हुआ है, लेकिन सूत्रों के अनुसार कैबिनेट में तीन नए चेहरे शामिल करने को लेकर फैसला लिया जा चुका है। ऐसे में राजभवन में शपथ समारोह आयोजित करने की तैयारी है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जयराम ठाकुर को कैबिनेट विस्तार की हरी झंडी दे दी है। अहम जानकारी ये है कि नए मंत्रियों के स्वागत में सचिवालय में उनके बैठने वाले कमरों को सज़ा दिया गया है। हालांकि अभी कोई आधिकारिक जानकारी नही मिली है लेकिन उम्मीद जाहिर की जा रही है की कल मंत्रिमंडल का विस्तार होना लगभग तय है।
सबसे बड़े कांगड़ा से राकेश पठानिया का मंत्री बनना तय है। इसके अलावा सिरमौर और चम्बा जिला से भी मंत्री बनाए जाने की चर्चा है। सिरमौर से पूर्व भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल और सुखराम चौधरी मंत्री बनने की दौड़ में हैं। वहीं चम्बा जिला से विस उपाध्यक्ष हंसराज के नाम की चर्चा है। हंसराज के मंत्री बनने की सूरत में हमीरपुर जिला के भाजपा विधायक को विस उपाध्यक्ष बनाया जा सकता है। मौजूदा सरकार में हमीरपुर को अभी तक प्रतिनिधित्व नहीं मिला है।
कैबिनेट विस्तार का मामला काफी समय से लटका है। मंत्रियों के 2 पद तो एक साल से भी अधिक समय से रिक्त हैं। लोकसभा चुनाव के बाद किशन कपूर के सांसद बनने और अनिल शर्मा की बगावत के बाद कैबिनेट के दो पद खाली हो गए थे। इससे ऊर्जा और खाद्य आपूर्ति जैसे बड़े विभाग दोनों पदों को लेकर दावेदार और मुख्यमंत्री जल्द पद भरे जाने का दावा कर रहे थे लेकिन एक साल से इन पदों को भरने पर फैसला नहीं हो सका।
वहीं, इसी साल जनवरी माह में विपिन परमार के विधानसभा अध्यक्ष बनने से तीसरा पद भी खाली हो गया और स्वास्थ्य जैसा भारी भरकम विभाग भी मुख्यमंत्री को ही संभालना पड़ा। कैबिनेट के तीन पद खाली होने की वजह से अब खुद मुख्यमंत्री पर काम का दबाव बढ़ गया है।
इस बीच मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कैबिनेट विस्तार के संकेत दिए। उन्होंने तारीख का जिक्र तो नहीं किया, लेकिन इतना जरूर कहा कि कैबिनेट विस्तार जल्द किया जाएगा। जयराम ठाकुर ने यह भी कहा कि विधानसभा के मानसून सत्र को सितम्बर माह में आयोजित करने पर विचार किया जाएगा।
MBM NEWS नेटवर्क की ताजा खबरों के लिए आप ज्वाइन कर सकते है हमारा व्हाट्सप्प ग्रुप https://chat.whatsapp.com/JQ794R4JTvxItoQy88C0Hm