शिमला : राजधानी में भारी बारिश कहर मचाने लगी है। चरम पर चल रहे सेब सीजन के बीच भट्टाकुफर फल मंडी भूस्खलन की चपेट में आ गई। सोमवार को फल मंडी पर पहाड़ से मलबा गिर गया। जब पहाड़ी दरकी,तो फल मंडी में बड़ी संख्या में लोग जमा थे। इस घटना में फल मंडी का पिछला हिस्सा तबाह हो गया है। वहीं सेब की सैंकड़ो पेटियां दब गईं। भूस्खलन की आशंका के चलते लोग पहले ही फल मंडी से बाहर निकल आये थे।
पहाड़ी से अभी और मलबा गिरने का खतरा बना हुआ है। पुलिस व प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर हालात जा जायजा ले रही हैं। फल मंडी को खाली करवाया जा रहा है। सेब सीजन के चलते फल मंडी में रोजाना लाखों का सेब कारोबार होता है। ढली के एसएचओ राज कुमार ने बताया कि मलबा गिरने से सेब की पेटियों सहित फल मंडी का भवन भी क्षतिग्रस्त हुआ है। हालांकि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।