पावंटा साहिब: मंगलवार दोपहर यमुना नदी (Yamuna River) में एक बच्चे के बह जाने खबर है। 9 साल का शमशाद पुत्र भूरा निवासी सतीवाला दोपहर को भैंसों के साथ यमुना नदी में गया हुआ था। बताया जा रहा है कि बच्चा नदी में भैंस के ऊपर चढ़ा हुआ था, इसी बीच नदी में भैंस के ऊपर से गिर गया तथा नदी में बह गया। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच कर जांच जुट गई। प्रशासन ने स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर यमुना नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
पांवटा साहिब के डीएसपी वीर बहादुर ने घटना की पुष्टि की है। हालांकि जांच जारी है, मगर बताया ये भी जा रहा है कि बच्चे ने भैंस के ऊपर से जंप किया था।
उधर शुरूआती जांच में यह सामने आया है कि नदी किनारे पांच बच्चे बशीर, सपरू, शमशाद व आसमा भैंस चरा रहे थे। इसी बीच तीन बच्चे नदी में नहाने लगे। बशीर व सपरू ने उन्हें मना भी किया। इसी बीच शमशाद ने भैंस पर चढ़कर नदी में छलांग लगा दी। धीरे-धीरे बहता हुआ काफी दूर चला गया। हालांकि बच्चों ने शोर भी मचाया, लेकिन वहां कोई नहीं था। इसी बीच समीपवर्ती क्रैशर में जाकर राकेश कुमार को घटना की जानकारी दी। लेकिन जब तक राकेश व चरण सिंह मौके पर पहुंचे, तब तक बच्चा डूब चुका था। गौरतलब है कि नदी में लापता बच्चा गुज्जर समुदाय से ताल्लुक रखता है।