ऊना : स्वास्थ्य विभाग द्वारा रविवार को कुल 237 सैंपल जांच के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज भेजे गए थे। इनमें से 9 सैंपल पॉजि़टिव पाए गए है। छह मामले उप मंडल अंंब के कटोहड़ कलां के है, जो एक ही परिवार के सदस्य है। इसमें एक महिला अपने बेटे व बहू और चार साल की दो पोतियों के अलावा इसी परिवार का तीन वर्षीय बच्चे सहित कोरोना संक्रमित पाए गए है। ये सभी 15 जून को हरियाणा के सोनीपत से प्राइवेट गाड़ी में अपने घर कटोहड़ कलां वापिस आए थे।
वहीं हरोली के पोलिया बीत में 41 वर्षीय व्यक्ति संक्रमित पाया गया है, जो भावना बटालियन दिल्ली में बतौर हेड कांस्टेबल तैनात है। यह व्यक्ति 13 जून को छुट्टी लेकर ट्रेन द्वारा ऊना आया था, जिसे संस्थागत क्वारंटाइन में रखा गया था। शहर के वार्ड नंबर एक की फ्रेंडस कॉलोनी में 65 वर्षीय वृद्ध महिला कोरोना संक्रमित पाई गई है। महिला 12 जून की शाम गुडग़ांव से ऊना लौटी थी। इसके अलावा उपमंडल बंगाणा के रायपुर मैदान का 31 वर्षीय युवक पॉजिटिव आया है, वो 14 जून को दिल्ली से ऊना आया था। इसे भी संस्थागत क्वारंटीन किया गया था।
सीएमओ डॉ. रमन शर्मा ने कहा कि संस्थागत क्वारंटाइन में रखे गए दोनों संक्रमितों को कोविड केयर सेंटर खड्ड शिफ्ट किया जाएगा जबकि अन्य सातों को घरों में ही आइसोलेट करने पर विचार किया जा रहा है।