शिमला : हिमाचल में कोरोना वायरस अपनी रफतार कम करने का नाम नहीं ले रहा है। हर दिन संक्रमित मरीजों का आना बरकरार है। विगत तीन दिनों में राज्य में 77 मरीज पाए गए हैं। अधिकांश मामले दिल्ली सहित बाहरी राज्यों से लौटे लोगों के हैं। बीते रोज एक साथ 28 नए कोरोना संक्रमित मामलों के बाद आज राज्य में 17 नए कोरोना मरीजों की पुष्टि हुई। इनमें से सर्वाधिक 11 मामले कांगड़ा से आए। इसके अलावा सोलन से 3, सिरमौर से 2 और चंबा से 1 मामला आया।
इन्हें मिलाकर राज्य में कोरोना का आंकड़ा 673 पहुंच गया है। इनमें एक्टिव मरीजों की संख्या 237 है। आज 12 मरीज कोरोना के संक्रमण से मुक्त हुए। अब तक 417 मरीज कोरोना से जंग जीत चुके हैं।
कांगड़ा जिला में कोरोना के लगातार बढ़ रहे मामले प्रशासन के लिए चुनौती बन गए हैं। संक्रमित मरीजों में दो साल की बच्ची और उसकी मां भी शामिल है। जिले के घुमाला गांव से 30 वर्षीय महिला और उसकी दो वर्षीय बेटी पॉजिटिव पाए गए हैं। यह दोनों दिल्ली से कांगड़ा लौटे हैं। वहीं तीसरा मामला देहरा के समीप चानन कलां गांव के 42 वर्षीय व्यक्ति का है और गाजियाबाद से वापस लौटा है। धर्मशाला के मैकलोड़गंज की 19 वर्षीय युवती भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। कांगड़ा के राख गांव के तीन लोग पाजिटिव पाए गए हैं। इनमें 49 वर्षीय व्यक्ति पठानकोट, 32 वर्षीय युवक तथा 77 वर्षीय बुजुर्ग दिल्ली से लौटे हैं।
वहीं लंबागांव का 34 वर्षीय व 46 वर्षीय व्यक्ति भी संक्रमित निकले। 37 साल की महिला और उसकी 11 साल की बेटी भी पाजिटिव पाई गई। ये भी दिल्ली से वापिस आए है। उधर, जिला चम्बा के भरमौर क्षेत्र का 29 वर्षीय युवक में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। युवक को करियां में संस्थागत क्वारंटाइन किया गया था। सोलन में 4 साल का बच्चा पाॅजिटिव पाया गया है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा रविवार रात 9 बजे जारी हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक कांगड़ा में कोरोना के सर्वाधिक 181 मामले हो गए हैं। हमीरपुर में यह संख्या 166, उना में 80, सोलन में 77, चंबा में 44, सिरमौर व बिलासपुर में 32-32, शिमला में 30, मंडी में 23, कुल्लू में 5 और किन्नौर में 3 हैं। वहीं एक्टिव मरीजों पर गौर करें, तो कांगड़ा में 62, हमीरपुर में 54, सोलन में 43, ऊना में 26, सिरमौर में 15, शिमला में 14, बिलासपुर में 9, चंबा में 8 और मंडी, कुल्लू व किन्नौर में 2-2 एक्टिव मरीज हैं।