हमीरपुर : सोमवार शाम प्रदेश के लिए कोरोना को लेकर चिंताजनक खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक एक साथ ही पांच कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद प्रशासन भी पूरी तरह से हरकत में आ चुका है। बताया जा रहा है कि पॉजिटिव पाए गए 2 व्यक्तियों की ट्रैवल हिस्ट्री मुंबई से जुड़ी हुई है, जबकि तीन की ट्रैवल हिस्ट्री को लेकर विभाग जानकारी जुटा रहा है। एक साथ पांच मामले आने के बाद हिमाचल में कोरोना एक्टिव मामलों की संख्या बढ़कर 38 हो गई है, इसमें से 12 संक्रमित हमीरपुर से ही ताल्लुक रखते हैं।उपायुक्त हरिकेश मीणा ने कहा कि रिपोर्ट आज दोपहर बाद प्राप्त हुई है।
नादौन उपमंडल की ग्राम पंचायत नौंगी के चौकी राजपूतां गांव का 60 वर्षीय व्यक्ति 12 मई, को मुंबई से वापस आया था और राजकीय प्राथमिक पाठशाला बूणीं में संस्थागत संगरोध में रखा गया था।दूसरा गलोड़ तहसील के खुंगल का 47 वर्षीय व्यक्ति 14 मई, 2020 को मुंबई से लौटा था और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कश्मीर में संस्थागत संगरोध सुविधा स्थल में रखा गया था। इसके साथ उसकी पत्नी एवं तीन बच्चे हैं। तीसरा टौणी देवी क्षेत्र के ग्वारड़ू गांव का 54 वर्षीय व्यक्ति 10 मई, को मुंबई से लौटा था और घर पर ही संगरोध में था। वह टैक्सी चालक है।चौथी 50 वर्षीय महिला टौणी देवी क्षेत्र के रेड़ू पधर गांव की है और 14 मई, को अपने वाहन से वापस लौटी है। पांचवा 20 वर्षीय युवक भी पधर गांव का ही है और उपरोक्त महिला का नजदीकी रिश्तेदार है। यह दोनों भी संस्थागत संगरोध सुविधा स्थल में ही रखे गए थे। इन सभी के अन्य प्राथमिक एवं द्वितयिक सम्पर्कों के बारे में जानकारी प्राप्त की जा रही है। उन्होंने कहा कि संबंधित उपमंडलाधिकारियों (ना.) को इन क्षेत्रों को सील (बंद) करने के निर्देश दे दिए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि सबसे पहले ऊना कोरोना का हॉटस्पॉट बनता नजर आया था । इसके बाद कांगड़ा वह हमीरपुर की स्थिति काफी चिंताजनक हो चुकी है। उधर मुख्य चिकित्सा अधिकारी अर्चना सोनी ने पुष्टि करते हुए बताया कि 5 व्यक्तियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। ट्रैवल कांटेक्ट हिस्ट्री को खंगाला जा रहा है।