ऊना: कोरोना वायरस पीडि़त तीन जमातियों सहित पनाह देने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके अलावा पांच अन्य जमातियों के खिलाफ भी एफआईआर की गई है। मामला, अपने साथ लोगों के जीवन को संकट में डालने की धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। प्रारंभिक छानबीन में पता चला है कि मरकज से लौटकर जमाती 12 दिन तक मस्जिद में ही छिपे रहे। कुल 9 के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं। दीगर है कि 8 जमातियों के सैंपल लिए गए थे। इसमें से तीन पॉजीटिव पाए गए हैं।
पुलिस ने ग्राम पंचायत उप प्रधान की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक छानबीन में यह भी पता चला है कि दिल्ली की मरकज से 8 जमाती गगरेट उपमंडल के नकडोह में 21 मार्च को पहुंचे थे। प्रशासन द्वारा बार-बार बाहर से आने वालों से जानकारी मांगी जा रही थी, मगर जमातियों से जुड़ी जानकारी नहीं दी गई। इसी बीच पुलिस को 8 जमातियों के नकडोह की मस्जिद में छिपे होने की सूचना मिली। तुरंत ही खतरे को भांपते हुए स्वास्थ्य विभाग ने आठों जमातियों के सैंपल जांच के लिए भेजे। बीती शाम तीन की रिपोर्ट पॉजीटिव आने से सनसनी मच गई।
अंब के डीएसपी मनोज जम्वाल ने पुष्टि की है। इसी बीच एक अहम जानकारी यह भी सामने आ रही है कि पॉजीटिव पाए गए जमाती एक दिन पहले ही बीएमओ, डॉक्टर व अंब पुलिस के एएसआई व दो होमगार्ड जवानों के संपर्क में भी आए थे। एहतियात के तौर पर एएसआई व दो होमगार्ड जवानों को ऊना में क्वारंटाइन कर दिया गया है। इसके अलावा अपने ही घर पर बीएमओ ने भी स्वयं को सेल्फ क्वारंटाइन किया है। बीएमओ के परिवार के सदस्य भी सेल्फ क्वारंटाइन पर है।