धर्मशाला : 69 साल के तिब्बत के रहने वाले व्यक्ति की मौत के बाद हड़कंप मच गया है। प्रारंभिक रिपोर्ट में मृतक को कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। इस मामले से जुड़ी ताजा जानकारी यह है कि प्रशासन ने रिपोर्ट मिलते ही निजी अस्पताल के स्टाफ को भी क्वारंटाइन कर दिया है, जबकि उस टैक्सी चालक की भी पहचान कर ली गई है जो मृतक को 21 मार्च को टैक्सी में लेकर दिल्ली से मैकलोडगंज पहुंचा था।
स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव आरडी धीमान ने बताया कि मृतक 15 मार्च को अमेरिका से दिल्ली लौटा था। 21 मार्च को टैक्सी द्वारा मैकलोडगंज पहुंचा था। मृतक को आज सुबह ही सांस की तकलीफ के चलते कांगड़ा के निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया था। उन्होंने बताया कि स्थिति बिगड़ने पर निजी अस्पताल से उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रैफर किया गया था। अतिरिक्त मुख्य सचिव के मुताबिक आज ही उसका निधन इमरजेंसी में हो गया। उन्होंने बताया कि कोरोना का खतरा विदेशों से आ रहे लोगों से ज्यादा हैं।
लिहाजा मरणोपरांत मृतक के सैंपल जांच के लिए भेजे गए। इसमें रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। अतिरिक्त मुख्य सचिव ने कहा कि गंभीरता को देखते हुए निजी अस्पताल के स्टाफ को क्वारंटाइन कर दिया गया है। साथ ही उसके संपर्क में आए बाकी लोगों की पहचान भी की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिस टैक्सी में मृतक दिल्ली से मैकलोड़गंज पहुंचा था उसकी पहचान भी कर ली गई है। टैक्सी चालक व उसके परिवार के सदस्यों को निगरानी में रखा जा रहा है।