शिमला : प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष इंदु गोस्वामी बुधवार को राज्यसभा के लिए चयनित हो गई हैं। कांग्रेस पार्टी द्वारा नामांकन नहीं भरने के चलते इंदु गोस्वामी का चयन निर्विरोध हुआ। वह संसद में अपनी पहली पारी खेलने जा रही हैं। बुधवार को नामांकन पत्र वापसी के अंतिम दिन उनके चयन की आधिकारिक घोषणा की गई।
दोपहर बाद इंदु गोस्वामी ने राज्य विधानसभा में पहुंचकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की मौजूदगी में निर्वाचन अधिकारी व विस सचिव यशपाल शर्मा से निर्वाचित प्रमाणपत्र प्राप्त किया। इस दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल भी मौजूद थे। इंदु गोस्वामी ने बीते 13 मार्च को नामांकन भरा था। उनका कार्यकाल 2026 तक रहेगा।
राज्यसभा के लिए चुने जाने पर इंदु गोस्वामी ने भाजपा के राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने देश के साधन संपन्न लोगों से अपील की है कोरोना वायरस पर जागरूक करने के साथ गरीब लोगों की मदद को आगे आएं। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में धनाढ़य वर्ग के लोगों को जरूरतमंदों व गरीबों को सैनेटाइजर व मास्क उपलब्ध करवाने चाहिए। गौरतलब है की कांग्रेस की विपल्व ठाकुर का कार्यकाल पूरा होने पर राज्यसभा की सीट रिक्त हुई थी।
उल्लेखनीय है कि इंदू गोस्वामी कांगड़ा जिला के बैजनाथ से ताल्लुक रखती है। उनकी गिनती भाजपा की तेजतर्रार नेत्रियों में होती है। वह भाजपा की धूमल सरकार के दौरान वर्ष 1998 से 2002 तक राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष व राज्य सामाहिक कल्याण बोर्ड की अध्यक्ष भी रहीं। छात्र जीवन में वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़ीं। वर्ष 1987 से 1990 तक वह एबीवीपी की सक्रिय कार्यकता रहीं। वर्ष 1990 से 1992 तक वह भाजपा मंडल महिला मोर्चा की अध्यक्ष रहीं।
वर्ष 1992 से 1994 तक भाजयुमो की जिला उपाध्यक्ष, वर्ष 1994 से 1996 तक भाजयुमो की राज्य सचिव और वर्ष 1996 से 1998 तक राज्य उपाध्यक्ष रहीं। वर्ष 1998 से 2002 तक वह प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की महासचिव और वर्ष 2007 से 2012 तक प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य रहीं। इंदू गोस्वामी वर्ष 2016 से 2019 तक हिमाचल भाजपा महिला मोर्चा के अध्यक्ष पद पर काबिज रहीं।
Latest
- 4 लाख की रिश्वत लेते मुंबई का आयकर अधिकारी गिरफ्तार
- कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र : बदली परिस्थितियों में नहीं लग पा रहा हवा का अंदाजा
- बसदेहड़ा के 19 वर्षीय युवक ने 238वां स्थान हासिल कर उत्तीर्ण की NDA परीक्षा
- ज्वेलरी का अद्भुत संग्रह लेकर नाहन पहुंचा ‘वर्मा ज्वेलर्स’ का कारवां, प्रदर्शनी शुरू
- नए मतदाताओं का पंजीकरण कर निर्वाचन प्रक्रिया में शामिल करने पर दिया जाए विशेष बल