सोलन : धर्मपुर में भारी बारिश व तूफान के चलते एक मकान पर एक डंगा, मलवा और पेड़ गिरने से मकान के एक हिस्से को भारी नुकसान हुआ है। परिवार डर के साये में रहने को मजबूर है। जानकारी के अनुसार धर्मपुर के हार्डिंग में गुरुदेव सिंह रीन अपने 5 सदस्यीय परिवार के साथ रहते हैं। पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश से उनके घर के साथ लगता डंगा और जमीन में लैंडस्लाइड होने से मकान के कुछ हिस्से में मलबा घुस गया। जिससे उनके बाथरूम, रसोईघर व एक कमरे को नुक्सान हुआ है।
लैंडस्लाइड के साथ दो चीड़ के पेड़ उनके मकान की छत पर गिर गए हैं, जिससे मकान की छत भी टूट गई है व मकान में दरारें आ गई हैं। अभी भी दो पेड़ स्लाइड हुई कच्ची जगह पर ही टिके हैं जोकि कभी भी मकान पर गिर सकते है। साथ ही एक आईपीएच का टैंक बना हुआ है। लैंडस्लाइड से टैंक को भी खतरा पैदा हो गया है। तहसीलदार कसौली, पटवारी व कानूनगो इत्यादि ने मौके का दौरा किया।
भूस्खलन को रोकने के लिए प्रभावित परिवार को तिरपाल मुहैया करवाया गया है। घर के सदस्यों को मकान के दूसरे सुरक्षित हिस्से में रहने के लिए कहा गया है। आप को बता दें कि फोरलेन निर्माण में कटिंग के बाद से ही धर्मपुर के हार्डिंग में जमीन खिसकने का सिलसिला जारी है। वहां सभी मकानों में दरारें आई हुई है। दो वर्ष बीतने के बाद भी प्रशासन द्वारा इसका पक्का इंतज़ाम नहीं किया गया है।