मंडी (एमबीएम न्यूज): यूं तो हिमाचल प्रदेश में दुर्गा विसर्जन के त्यौहार को उस स्तर पर नहीं मनाया जाता लेकिन पश्चिम बंगाल से यहां पर काम करने आये लोग इस त्यौहार को हर वर्ष बड़े ही उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाते हैं। मंडी शहर के मोती बाजार में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मां दुर्गा की मूर्ति की स्थापना नवरात्रों के दौरान की गई थी।
पिछले कल इस उपलक्ष पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया और आज पूरे विधि विधान के साथ स्थापित की गई मूर्तियों का विसर्जन व्यास नदी के तट पर किया गया। इससे पहले मंडी शहर में एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा शहर भर की परिक्रमा करते हुए हनुमानघाट स्थित व्यास नदी के तट पर आकर संपन्न हुई जहां पर पूरे विधि विधान के साथ दुर्गा मां की मूर्तियों का विसर्जन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में स्थानीय लोगों ने बढचढ कर भाग लिया और मां दुर्गा से पूरे जगत पर अपनी कृपा दृष्टि बनाये रखने की कामना की।