शिमला : हिमाचल प्रदेश में खराब मौसम लोगों की दुश्वारियां फिर बढ़ाएगा। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक राज्य के लोगों को भारी बारिश, ओलावृष्टि व बर्फबारी का सामना करना पड़ेगा। शिमला सहित 10 जिलों के लिए 11 व 12 मार्च को तेज अंधड़ के साथ भारी वर्षा व ओलावृष्टि का येलो व आरेंज अलर्ट जारी हुआ है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि 11 से 14 मार्च तक पूरे प्रदेश में मौसम खराब रहेगा। मैदानी व मध्यपर्वतीय इलाकों में वर्षा तथा उच्च पर्वतीय भागों में हिमपात की संभावना है। उन्होंने 10 जिलों में 11 व 12 मार्च को व्यापक ओलावृष्टि की चेतावनी देेते हुए येलो व आरेंज अलर्ट जारी किया है। ये अलर्ट शिमला, कुल्लू, चंबा, हमीरपुर, मंडी, बिलासपुर, सोलन, उना, सिरमौर और कांगड़ा जिलों के लिए जारी हुआ है। 11 मार्च के लिए येलो व 12 मार्च के लिए आरेंज अलर्ट रहेगा। इन दो दिनों में वर्षा व ओलावृष्टि के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफतार से हवाएं चलने तथा बिजली कड़कने का भी अंदेशा है।
मौसम विभाग के इस पूर्वानुमान से फिलहाल ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। राजधानी शिमला के अलावा मनाली व डल्हौजी में इस बार मार्च महीने में भी बर्फ गिर रही है। इस वजह से पूरे प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सेामवार को पांच जिलों का न्यूनतम तापमान माइनस में रिकॉर्ड किया गया है।
लाहौल-स्पीति का मुख्यालय केलंग सबसे ठंडा रहा, जहां पारा -4.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। -2.2 डिग्री के साथ किन्नौर का कल्पा दूसरा ठंडा स्थल रहा। शिमला के कुफरी व मशोबरा में न्यूनतम तापमान क्रमशः -1. 6 व -1.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। जबकि कुल्लू के विख्यात पर्यटन स्थल मनाली में -1.4 डिग्री और चंबा के डलहौजी में -0.2 डिग्री सेल्सियस रहा। अप्पर शिमला में बर्फबारी के कारण प्रभावित हुए एच.आर.टी.सी बस रूटों पर मुख्य मार्गों पर सभी बस सेवाएं बहाल हो गई हैं। हांलाकि ग्रामीण क्षेत्रों के कुछेक मार्ग बंद है, जिन्हें भी प्रशासन खोलने का प्रयास कर रहा है। निगम ने रोहडू, रामपुर, कोटखाई, चौपाल, नेरवा सहित सभी मुख्य मार्गों पर बसें भजी जिसमें शिमला से लोगों ने सफर किया। निगम प्रबंधन अभी रात्रि बस सेवा को बंद रखा है।