शिमला : बारिश और बर्फबारी के लिहाज से सर्दियों का यह सीजन हिमाचल प्रदेश के लिए बेहतर रहा है। प्रदेश के कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी सामान्य से अधिक रही। महाशिवरात्रि पर्व पर 21 फरवरी को राजधानी शिमला समेत पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी व मैदानों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह के अनुसार पहाड़ी क्षेत्रों में 18 फरवरी को मौसम करवट लेगा। 18, 19, 20 व 21 फरवरी को पर्वतीय हिस्सों में बर्फबारी के आसार हैं।
मैदानों में 20 व 21 फरवरी को गरज के साथ बारिश का अनुमान है। पूरे प्रदेश में 21 फरवरी को मौसम खराब रहेगा। इस दौरान पारा लगभग चार से छह डिग्री तक गिर सकता है। सर्दियों के मौसम में मौसम विज्ञान केंद्र का बारिश व बर्फबारी को लेकर अधिकतर अनुमान सही साबित हुआ है। इस बार शिमला सहित पहाड़ी इलाकों में खूब हिमपात हुआ है। राजधानी शिमला में तो आठ बार बर्फबारी हो चुकी है। इस वजह से राजधानी में कड़ाके की ठंड पड़ी और कई दिन पारा शून्य से नीचे रिकाॅर्ड हुआ।
हालांकि मौसम खुलने से पिछले कुछ दिनों से तापमान में उछाल से यहां मौसम सुहावना बना हुआ है।
शनिवार को शिमला का न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। अहम बात यह रही कि शिमला की रातें सोलन और सुंदरनगर से भी गर्म हो गई हैं। सोलन और सुंदरनगर में न्यूनतम तापमान क्रमशः 5 और 6.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पर्यटन स्थलों मनाली और कुफरी सहित कल्पा में कई दिनों तक माइनस में चल रहे
तापमान में भी एकदम बढ़ोतरी हुई है। मनाली में तापमान 1.4, कुफरी में 7.2 और कल्पा में शून्य डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
इसके अलावा सियोबाग में न्यूनतम तापमान 3.6, भुंतर में 4.2, पालमपुर में 6, चंबा व डलहौजी में 6.8, धर्मशाला में 7.2, चायल में 7.9, जुब्बड़हट्टी में 8.3, कांगड़ा में 8.4, मंडी में 9, बिलासपुर में 9.5, हमीरपुर में 9.6, ऊना में 10, पांवटा साहिब में 12 और नाहन में 13.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
Latest
- HP बोर्ड में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को फूल माला पहनाकर सम्मान
- काज़ा में बर्फ के नीचे दबे कूड़े कर्कट को एकत्रित कर लगाया गया ठिकाने, पर्यटकों से ये अपील….
- रीना बनी सुरेश की कवरिंग कैंडिडेट,पूर्व मंत्री की भाजपा से बगावत..18 नामांकन दाखिल
- मंडी : 4 करोड़ से बने 65 फीट के ऊंचे नए भंडार में विराजमान हुई माता बगलामुखी
- भाजपा के हुए पूर्व कांग्रेस MLA व वीरभद्र के करीबी रहे सुभाष मंगलेट, विस चुनाव में बिगाड़ा था खेल