चंबा: खैरी पुल के समीप एक व्यक्ति का शव नदी में मिलने से सनसनी फैल गई। यह वाक्या मंगलवार को पेश आया। सूचना मिलते ही खैरी पुलिस थाना से टीम मौके पर पहुंची। टीम ने शव को कब्जे में लिया। मृतक की पहचान महिंद्र कुमार(37) पुत्र रामचंद निवासी खाड़ा डाकघर सांधर जम्मू कश्मीर के रूप में हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल डलहौजी पहुंचाया। खबर लिखे जाने तक शव का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया था। बताया जा रहा है कि यह व्यक्ति ठेकेदार के अधीन मजदूरी करता था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महिंद्र कुमार 31 जनवरी को बग्गी में सेवा प्रोजेक्ट में कार्यरत एक व्यक्ति की सेवानिवृत समारोह में गया हुआ था। लेकिन वह एक फरवरी को अपने घर वापिस नहीं आया। परिजनों ने महिंद्र कुमार को हर जगह तलाश किया। लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया। परिजनों ने इसके बाद पुलिस थाना खैरी में गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने भी महिंद्र कोर हर जगह तलाश किया। बुधवार को कुछ लोग खैरी पुल से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने पुल के नीचे नदी में एक शव देखा।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस थाना खैरी को दी। सूचना मिलते ही पुलिस थाना खैरी से टीम मौके पर पहुंची। टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से निकाला और कागजी औपचारिकताएं पूर्ण कर शव को सिविल अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए पहुंचाया।