शिमला : रोहड़ू थाना क्षेत्र के तहत स्माला गांव में शुक्रवार को आग में एक व्यक्ति जिंदा जल गया। मृतक की पहचान 57 वर्षीय दर्शन दास पुत्र श्याम सुंदर के रूप में हुई है। वह हरियाणा के करनाल का मूल निवासी था और रोहड़ू में प्रेशर कुकर बनाने का काम करता था। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक स्माला में वह किराए के कमरे में रहता था।
शुक्रवार दोपहर कमरे के भीतर से अचानक धुआं उठने से पड़ोस में रहने वाले लोगों ने पुलिस व दमकल विभाग को सूचित किया। कमरा भीतर से बंद था और अंदर आग सुलग रही थी। पुलिस व दमकल कर्मियों ने आग को बुझाया। लेकिन उनके मौके पर पहुंचने से पहले दर्शन दास बुरी तरह झुलस चुका था। उसे सिविल अस्पताल रोहड़ू ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत करार दिया।
बताया जा रहा है कि ठंड से बचने के लिए वह हीटर लगाकर कमरे में सो गया था। हीटर के कई घंटे चलने से कमरे में रखे सामान ने आग पकड़ ली तथा दर्शन दास भी आग की चपेट में आ गया। डीएसपी रोहड़ू सुनील नेगी ने पुष्टि करते हुए कहा कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा। कहा कि इस घटना को लेकर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।