शिमला : रामपुर उपमंडल के खनेरी में लोड करते समय एक टिप्पर अचानक चल पडा और इसके टायर के नीचे आने से चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रामपुर के बोंडा निवासी मस्त राम (40) के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक मस्त राम स्टोन क्रैशर खनेरी में टिप्पर चलाता था।
बुधवार शाम मस्त राम ने टिप्पर (एचपी 06ए-1712) को लोडिंग के लिए क्रैशर के लोडिंग प्वाइंट लगाया और खुद टिप्पर से बाहर उतर गया। लोड करते समय टिप्पर अचानक आगे की ओर चलने लगा। टिप्पर के बाहर करीब 20 फुट दूर खड़ा मस्त राम हड़बड़ा गया और हड़बड़ाहट में टिप्पर की तरफ दौड़ा तथा संतुलन बिगड़ने सेटिप्पर के टायर की चपेट में आकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
क्रैशर के कर्मचारी उसे खनेरी अस्पताल ले गए, जहां से उसे आईजीएमसी शिमला रैफर किया गया। गुरूवार सुबह मस्तराम ने आईजीएमसी में दम तोड़ दिया। डीएसपी रामपुर अभिमन्यु वर्मा ने पुष्टि करते हुए कहा कि रामपुर पुलिस की टीम शिमला रवाना कर दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।