नाहन : नौहराधार की राजकीय उच्च पाठशाला चौकर में जयचंद सातवीं कक्षा का छात्र था। उम्र थी मात्र 13 साल। विद्यालय में विश्व पर्यावरण दिवस पर इको क्लब ने एक कार्यक्रम आयोजित किया था। इसी से वो इतना प्रेरित हुआ कि हर साल अपने गांव में ही सड़क किनारे विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाने शुरू कर दिए।
शुरूआत में हर कोई यह सोच रहा था कि जयचंद को बाल्यकाल का शौक है। लिहाजा किसी ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। धीरे-धीरे जयचंद के पिता रामलाल बेटे के जुनून को समझ चुके थे। वित्तीय हालात अच्छे न होने के बावजूद पिता ने बेटे को वन्य व फलदार पौधों को खरीदने के लिए आर्थिक मदद भी मुहैया करवानी शुरू कर दी। दसवीं के बाद स्कूल के तत्कालीन राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी सुरेंद्र पुंडीर ने जयचंद के पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को गंभीरता से लिया। उसे विद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवी छात्रों की इकाई का समूह नेता बना दिया गया।
अब आप सोच रहे होंगे कि इस समय संगड़ाह कॉलेज में शिक्षा ग्रहण कर रहा जयचंद कैसे रक्षाकरण हीरो बना है। प्रवक्ता सुरेंद्र पुंडीर ने जयचंद के असाधारण कार्यों की एक डॉक्यूमेंट्री तैयार की। बहन के आग्रह पर जयचंद ने विज्ञान, तकनीकी एवं पर्यावरण विभाग को एक सादे कागज पर अपने कार्यों की जानकारी दी। 2017 में सरकार ने जयचंद को प्रदेश का सबसे युवा पर्यावरणविद पुरस्कार प्रदान किया। इसके बाद देश के नामी मीडिया समूह इंडिया टुडे की टीम ने जयचंद की गतिविधियों को मौके पर आकर जांचा। सफलता की कहानी को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया।
देश के एक नामी टीवी चैनल ने निजी क्षेत्र की एक बीमा कंपनी के संयुक्त तत्वाधान में हाल ही में मुंबई में देशभर के 6 विद्यार्थियों को ‘‘रक्षाकरण नायक’’ के खिताब से सम्मानित किया। जयचंद के साथ मुंबई गए प्रवक्ता सुरेंद्र पुंडीर ने दूरभाष पर बताया कि जयचंद व बैंगलोर के दो अन्य बालकों के असाधारण प्रयास पर रक्षाकरण हीरो नामक डॉक्यूमेंटी भी शूट की गई है, जिसे 25 जनवरी को रिपब्लिक भारत टीवी चैनल पर प्रकाशित किया जाएगा।
कुल मिलाकर एक ग्रामीण परिवेश के बालक ने अपनी बेहतरीन सोच की बदौलत समूचे जनपद के छात्रों को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। वो भी उन छात्रों के साथ मंच पर मौजूद था, जो मैट्रो सिटी के नामी स्कूलों से ताल्लुक रखते होंगे।
Latest
- भाजपा नेता मनजीत सिंह ठाकुर समर्थकों सहित कांग्रेस में हुए शामिल
- डीसी अमरजीत सिंह ने गर्मी के मौसम के लिए की आवश्यक तैयारियों की समीक्षा बैठक
- हमीरपुर : युवक व नाबालिग छात्रा ने निगली जहरीला दवा, अस्पताल में उपचाराधीन
- 4 लाख की रिश्वत लेते मुंबई का आयकर अधिकारी गिरफ्तार
- कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र : बदली परिस्थितियों में नहीं लग पा रहा हवा का अंदाजा