शिमला : हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में हुई भारी बर्फबारी से जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। शिमला सहित पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी के बाद गुरुवार को मौसम तो खुला, लेकिन दुश्वारियां कम नहीं हुईं। शिमला, मंडी, कुल्लू व चंबा जिलों में अनेक सड़कों के बन्द होने से परिवहन व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई तथा कई इलाकों का जिला मुख्यालयों से संपर्क कटा हुआ है। बाहरी राज्यों से शिमला घूमने आए कई पर्यटक शिमला से सटे पर्यटक स्थलों में फंस गए हैं। बर्फबारी की वजह से शिमला शहर में दोपहर तक वाहनों की रफ़्तार ठप रही, वहीं अप्पर शिमला के अनेक क्षेत्र पिछले 5 दिनों से राजधानी से कटे हुए हैं। शिमला से चंडीगढ़ और बिलासपुर जाने वाले हाइवे आज दोपहर बाद बहाल हो पाए।
लोक निर्माण विभाग के मुताबिक प्रदेश में 1034 छोटी-बड़ी सड़कें बर्फबारी के चलते से अवरूद्व हैं। सबसे अधिक 759 सड़कें शिमला जोन में बंद हैं। इनमें रोहड़ू सर्कल की 280, शिमला सर्कल की 242, रोहड़ू सर्कल की 180, नाहन सर्कल की 43 और सोलन सर्कल की 14 सड़कें शामिल हैं। मंडी जोन में 179 सड़कें अवरूद्व हैं। जिनमें अकेले मंडी सर्कल की 110 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही ठप है। कुल्लू सर्कल में 69 सड़कें अवरुद्ध हैं। वहीं कांगड़ा ज़ोन में 91 सड़कों पर वाहनों के पहिये थमे रहे, जिनमें डलहौजी सर्कल की 87 व पालमपुर की 4 सड़कें शामिल हैं।इस बीच मौसम विभाग ने 11 जनवरी से मौसम के फिर करवट लेने का अनुमान जताया है।
मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि 11 से 15 तक राज्य में बारिश व बर्फ़बारी की संभावना है। कहा कि 13 जनवरी को शिमला सहित पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी हो सकती है और इसे लेकर अलर्ट जारी किया गया है।